बाराबंकी से CM योगी का बड़ा संदेश, बोले- सनातन पर संकट आया तो कोई सुरक्षित नहीं रहेगा; विपक्ष पर भी साधा निशाना
बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को बाराबंकी दौरे के दौरान 542.41 करोड़ रुपये की लागत वाली 82 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। दरियाबाद और रामनगर विधानसभा क्षेत्रों से जुड़ी इन परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के बाद उन्होंने रामनगर के महादेवा में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने सनातन, विकास, कानून-व्यवस्था और विपक्ष को लेकर कई बड़े बयान दिए।
‘सनातन सुरक्षित है तो हम सब सुरक्षित हैं’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब तक सनातन सुरक्षित है, तब तक देश और समाज भी सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि यदि सनातन पर संकट आया तो कोई भी सुरक्षित नहीं रहेगा और ऐसे समय में समाज को बांटने वालों की बोलती भी बंद हो जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए लगातार काम कर रही है।
महादेवा धाम के विकास का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोधेश्वर महादेवा धाम का तेजी से और भव्य तरीके से विकास किया जा रहा है। महादेवा रोड को हाईवे से जोड़ने वाली सड़क को फोरलेन बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि काशी, विंध्याचल, नैमिष धाम समेत प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों का विकास सरकार की प्राथमिकता में शामिल है।
सपा-कांग्रेस पर साधा निशाना
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने बाराबंकी के लोगों को केवल वोट बैंक समझा, जबकि मौजूदा सरकार ने इस क्षेत्र को राज्य राजधानी क्षेत्र में शामिल कर विकास की नई दिशा दी। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले कब्रिस्तानों के विकास पर जोर दिया जाता था, जबकि अब सनातन और विकास दोनों को समान प्राथमिकता दी जा रही है।
केडी सिंह ‘बाबू’ और क्षेत्र की विभूतियों का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में महान हॉकी खिलाड़ी केडी सिंह ‘बाबू’ का जिक्र करते हुए कहा कि पिछली सरकारें उनके सम्मान में स्मारक तक नहीं बना सकीं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने उनकी विरासत को संरक्षित करने का काम किया। साथ ही राजा बलभद्र सिंह चहलारी, महाराजा बिजली पासी, महाराज सुहेलदेव, महाराणा प्रताप, छत्रपति शिवाजी महाराज और गुरु गोबिंद सिंह का भी उल्लेख करते हुए उनके योगदान को याद किया।
कानून-व्यवस्था और सुरक्षा पर भी दिया संदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत होने से बेटियां और व्यापारी खुद को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार सुरक्षा के मुद्दे पर किसी भी तरह का समझौता नहीं करेगी। साथ ही विपक्ष पर जातीय राजनीति और तुष्टिकरण करने का आरोप भी लगाया।
542.41 करोड़ की 82 विकास परियोजनाओं की दी सौगात
बाराबंकी दौरे के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दरियाबाद और रामनगर विधानसभा क्षेत्रों के लिए 542.41 करोड़ रुपये की 82 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। कार्यक्रम के दौरान लोधेश्वर महादेवा कॉरिडोर के विकास कार्यों की भी शुरुआत की गई।
