बिहार

बिहार विधानसभा में तेजस्वी यादव की गैरहाजिरी पर सियासी घमासान, BJP-JDU के तंज; ‘पार्ट टाइम पॉलिटिशियन’ तक कह डाला

पटना: बिहार विधानमंडल के पांच दिवसीय मानसून सत्र की शुरुआत सोमवार से हो गई, लेकिन पहले ही दिन नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की अनुपस्थिति को लेकर सियासत तेज हो गई। सत्तारूढ़ भाजपा और जदयू ने उनकी गैरहाजिरी पर सवाल उठाते हुए तीखे हमले किए, जबकि राष्ट्रीय जनता दल ने उनका बचाव करते हुए विदेश यात्रा का हवाला दिया।

जदयू और भाजपा ने साधा निशाना

मंत्री संजय सिंह ने कहा कि महत्वपूर्ण मानसून सत्र में नेता प्रतिपक्ष की गैरमौजूदगी यह दर्शाती है कि वह विपक्ष की भूमिका को लेकर गंभीर नहीं हैं। वहीं जदयू के विधान पार्षद खालिद अनवर ने भी तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी अनुपस्थिति कई सवाल खड़े करती है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि विपक्ष को सिर्फ अपने परिवार के जन्मदिन की चिंता है और यदि कोई बिहार से बाहर रहकर राज्य की राजनीति चलाने की सोच रहा है तो जनता सब देख रही है।

‘पार्ट टाइम पॉलिटिशियन’ बताकर भाजपा का हमला

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने तेजस्वी यादव को ‘पार्ट टाइम पॉलिटिशियन’ बताते हुए कहा कि वह बिहार और राज्य की जनता के प्रति गंभीर नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि तेजस्वी यादव आते हैं, भाषण देते हैं और फिर लंबे समय तक गायब हो जाते हैं। उन्होंने दावा किया कि जनता भी उन्हें नकार चुकी है।

राजद ने किया बचाव

तेजस्वी यादव की गैरहाजिरी पर पूछे गए सवाल के जवाब में राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने कहा कि यदि तेजस्वी यादव मौजूद नहीं हैं तो भी पार्टी के सभी विधायक और कार्यकर्ता उनकी सोच का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी पूरी मजबूती के साथ सदन में अपनी भूमिका निभा रही है।

विदेश दौरे पर हैं तेजस्वी यादव

बताया जा रहा है कि तेजस्वी यादव पिछले कई दिनों से विदेश यात्रा पर हैं और यूरोप दौरे पर गए हुए हैं। उनकी इसी यात्रा को लेकर सत्ता पक्ष लगातार सवाल उठा रहा है और मानसून सत्र में उनकी अनुपस्थिति को राजनीतिक मुद्दा बना रहा है।