उत्तर प्रदेशलखनऊ

जनता दर्शन में CM योगी ने सुनीं 100 से ज्यादा फरियादें, बोले- जनहित सर्वोपरि; अधिकारियों को दिए तत्काल निस्तारण के निर्देश

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को अपने सरकारी आवास पर आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं। कार्यक्रम में युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों समेत बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें और मांगें लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने सभी की समस्याएं गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को उनके प्रभावी, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।

100 से अधिक लोगों की शिकायतें सुनीं

जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 100 से अधिक लोगों से एक-एक कर मुलाकात की। उन्होंने फरियादियों से उनकी समस्याओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक मामले का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनहित सर्वोपरि है और जनसेवा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

अधिकारियों को पारदर्शी और समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि नागरिकों की शिकायतों का निस्तारण पूरी पारदर्शिता और तय समयसीमा के भीतर किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक इंतजार न करना पड़े और प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बच्चों को दुलारा, चॉकलेट देकर पढ़ाई के लिए किया प्रेरित

जनता दर्शन में माताओं के साथ आए छोटे बच्चों से मुख्यमंत्री ने आत्मीयता से बातचीत की। उन्होंने बच्चों को चॉकलेट दी और मन लगाकर पढ़ाई करने तथा जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बाराबंकी दौरे के लिए रवाना हो गए।