जनता दर्शन में बच्चों पर बरसा CM योगी का स्नेह, चॉकलेट देकर बोले- मन लगाकर पढ़ो; अधिकारियों को भी दी सख्त चेतावनी
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में फरियादियों से एक-एक कर मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने लोगों से प्रार्थना पत्र लेकर संबंधित मामलों के समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण का भरोसा दिलाया। इस दौरान अभिभावकों के साथ पहुंचे छोटे बच्चों से भी मुख्यमंत्री ने आत्मीय बातचीत की, उन्हें चॉकलेट दी और मन लगाकर पढ़ाई करने की सीख दी।
बच्चों से पूछा नाम और कक्षा, पढ़ाई पर दिया जोर
जनता दर्शन में पहुंचे बच्चों से मुख्यमंत्री ने उनका नाम और वे किस कक्षा में पढ़ते हैं, इसकी जानकारी ली। बच्चों से बातचीत के बाद उन्होंने उन्हें चॉकलेट भेंट की और पढ़ाई में पूरी मेहनत करने तथा जीवन में आगे बढ़ने का आशीर्वाद दिया।
खिलाड़ियों से बोले- पदक जीतिए, सरकार नौकरी भी देगी
कार्यक्रम में कई खिलाड़ी भी मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे। उन्होंने खिलाड़ियों से उनकी तैयारियों और प्रतियोगिताओं में प्रदर्शन को लेकर बातचीत की। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को लगातार सीधी भर्ती के माध्यम से अवसर दे रही है। उन्होंने खिलाड़ियों से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने का आह्वान करते हुए कहा कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को पुरस्कार राशि के साथ सरकारी नौकरी में भी प्राथमिकता दी जाएगी।
पारिवारिक विवाद घर में सुलझाने की दी सलाह
जनता दर्शन में कुछ पारिवारिक विवादों से जुड़े मामले भी सामने आए। मुख्यमंत्री ने संबंधित पक्षों की बात सुनने के बाद उन्हें आपसी सहमति से विवाद सुलझाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों का असर बच्चों पर भी पड़ता है, इसलिए परिवार के वरिष्ठ सदस्यों के साथ बैठकर समाधान निकालना बेहतर होता है और निजी मामलों में बाहरी लोगों की दखलंदाजी से बचना चाहिए।
राजस्व और पुलिस मामलों में देरी पर जताई नाराजगी
कार्यक्रम के दौरान राजस्व और पुलिस विभाग से जुड़ी कई शिकायतें भी मुख्यमंत्री के सामने आईं। उन्होंने फरियादियों से पूछा कि शिकायत दर्ज कराए कितना समय बीत चुका है। देरी की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों की कार्यशैली पर नाराजगी जताई और कहा कि मामलों के निस्तारण में हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने समयसीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करने और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
