मध्य प्रदेश

बड़वानी में दर्दनाक हादसा: खाई में गिरी कार, दो युवकों की मौत; मरीज को छोड़कर लौटते समय टूटी जिंदगी

इंदौर: मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। पाटी थाना क्षेत्र के गोलगांव के पास बिलियापानी घाट में एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में चालक समेत दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

झपकी बनी हादसे की वजह, खाई में जा गिरी कार

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि हादसा चालक को झपकी आने के कारण हुआ। बड़वानी से सेमलेट की ओर लौट रही कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और सीधे खाई में जा गिरी। दुर्घटना में सकरीया पुत्र रजान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक इकराम पुत्र रुलसिंग ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

मरीज को अस्पताल छोड़कर लौट रहे थे युवक

जानकारी के मुताबिक सेमलेट गांव के चार युवक एक गंभीर बीमार व्यक्ति को इलाज के लिए पाटी लेकर आए थे। हालत बिगड़ने पर मरीज को जिला अस्पताल बड़वानी रेफर किया गया। मरीज को सुरक्षित अस्पताल में भर्ती कराने के बाद सभी युवक वापस गांव लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।

ग्रामीणों और पुलिस ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस और परिजनों को खबर दी। प्रभारी एसडीओपी महेश सुनैया के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों और मृतकों को खाई से बाहर निकाला।

दो घायल अस्पताल में भर्ती, जांच जारी

इस दुर्घटना में बियालाल पुत्र भीमसिंग और भंगा पुत्र रजान गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।