हिमाचल प्रदेश

Himachal Weather: ओलावृष्टि और तेज आंधी का ऑरेंज अलर्ट, बर्फबारी से सफेद चादर में लिपटी हिमाचल की वादियां

शिमला: हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने चंबा, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू और शिमला जिलों के कुछ हिस्सों में भारी ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की भी आशंका जताई गई है।

ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी, निचले क्षेत्रों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात और निचले इलाकों में आंधी के साथ बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। लगातार बदलते मौसम के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में ठंडक बढ़ गई है और लोगों को तापमान में गिरावट का एहसास हो रहा है।

पर्यटन स्थलों पर बर्फबारी से बढ़ा रोमांच

अप्रैल की शुरुआत में ही कुल्लू, मनाली और लाहौल के ऊंचे पर्यटन स्थलों पर बर्फबारी ने वादियों को सफेद चादर से ढक दिया है। बुधवार रात अटल टनल के साउथ और नॉर्थ पोर्टल सहित लाहौल के ऊपरी क्षेत्रों में ताजा हिमपात हुआ, जिससे गुरुवार सुबह नजारा बेहद मनमोहक नजर आया। हालांकि अटल टनल के पास सीधे तौर पर बर्फबारी नहीं हुई, लेकिन आसपास के ऊंचे इलाकों में गिरे बर्फ के फाहों ने पर्यटकों का उत्साह बढ़ा दिया।

सोलंगनाला और अटल टनल पर उमड़ी सैलानियों की भीड़

सुबह से ही पर्यटक सोलंगनाला के रास्ते अटल टनल रोहतांग की ओर पहुंचते नजर आए। बर्फबारी की खबर मिलते ही मनाली और आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में सैलानी लाहौल घाटी की ओर उमड़ पड़े। यहां पर्यटक स्कीइंग, स्नो ट्यूबिंग और अन्य साहसिक गतिविधियों का आनंद ले रहे हैं।

पर्यटन कारोबार को मिली नई रफ्तार

स्थानीय पर्यटन कारोबारियों के मुताबिक ताजा हिमपात से पर्यटन उद्योग को नई ऊर्जा मिली है। होटलों में बुकिंग बढ़ने लगी है और कारोबारियों को समर सीजन के बेहतर रहने की उम्मीद है। होटलियर एसोसिएशन मनाली के पदाधिकारियों का मानना है कि यह मौसम पर्यटन के लिए सकारात्मक संकेत दे रहा है।