उत्तराखंड

3 साल से जमीन की तलाश में ऋषभ पंत, CM धामी से मांगी मदद; मुख्यमंत्री ने दिया ये भरोसा

देहरादून: भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत उत्तराखंड में अपना घर बनाने के लिए जमीन खरीदना चाहते हैं, लेकिन करीब तीन साल की कोशिश के बाद भी उन्हें अपनी जरूरत के मुताबिक जमीन नहीं मिल पाई है। अब उन्होंने इस मामले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मदद मांगी है। शुक्रवार देर रात सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री को संबोधित करते हुए पंत ने जमीन खरीदने में सहायता की अपील की। मुख्यमंत्री धामी ने भी उनके पोस्ट का जवाब देते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश देने और जल्द संपर्क करने का भरोसा दिया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऋषभ पंत को उत्तराखंड का गौरव बताते हुए कहा कि उन्होंने अपने शानदार खेल और उपलब्धियों से देश-दुनिया में देवभूमि का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि अपनी मातृभूमि के प्रति पंत का लगाव और उत्तराखंड लौटकर योगदान देने की इच्छा सराहनीय है। मुख्यमंत्री ने बताया कि पंत की ओर से उठाए गए मामले में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए जा रहे हैं और वे जल्द उनसे संपर्क कर नियमानुसार हरसंभव मदद सुनिश्चित करेंगे।

ऋषभ पंत ने सीएम धामी से क्या अपील की?

ऋषभ पंत ने अपनी पोस्ट में बताया कि वह उत्तराखंड के मूल निवासी हैं और पिछले करीब तीन साल से यहां जमीन खरीदने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह दिल्ली से उत्तराखंड शिफ्ट होना चाहते हैं, लेकिन रहने के लिए उन्हें अब तक उपयुक्त और बड़ी जगह नहीं मिल पाई है।

पंत ने कहा कि उन्हें अपना उत्तराखंड बेहद पसंद है और वह अपनी मातृभूमि लौटकर पहाड़ के लोगों के बीच रहना चाहते हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से अपील की कि जमीन से जुड़े मामलों में स्पष्टता नहीं होने के कारण खरीदारी में परेशानी आ रही है, इसलिए इस मामले में उनकी मदद की जाए।

राज्य के प्रचार के दौरान मिली जमीन का मामला भी अटका

ऋषभ पंत ने यह भी बताया कि एक जमीन का मामला पहले से अटका हुआ है। उनके मुताबिक, जब वह उत्तराखंड का प्रचार-प्रसार कर रहे थे, तब उन्हें एक जमीन मिलने वाली थी, लेकिन वह मामला भी अब तक पूरा नहीं हो सका है।

उन्होंने कहा कि इन सभी बातों से अलग वह अपने मूल स्थान पर वापस आकर उत्तराखंड के विकास में योगदान देना चाहते हैं और अपने पहाड़ी लोगों के बीच रहना चाहते हैं। पंत ने मुख्यमंत्री से इस मामले पर ध्यान देने की अपील करते हुए कहा कि जमीन की तलाश करते हुए उन्हें तीन साल हो चुके हैं।

सरकार की तय दर पर जमीन खरीदना चाहते हैं पंत

ऋषभ पंत ने अपनी पोस्ट में यह भी स्पष्ट किया कि वह सरकार की ओर से निर्धारित दर पर जमीन खरीदना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने राज्य का प्रतिनिधित्व करने के बाद अगर उन्हें उपहार के तौर पर जमीन मिले तो यह गर्व की बात होगी, लेकिन उनकी इच्छा है कि उन्हें अनुमति दी जाए तो वह सरकार की तय दरों पर जमीन खरीदकर अपने राज्य में अपना पहला घर बनाएं।

पंत ने कहा कि उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि इस पूरी प्रक्रिया को कैसे आगे बढ़ाया जाए, इसलिए उन्होंने सीधे मुख्यमंत्री से मदद की अपील की। मुख्यमंत्री की ओर से अधिकारियों को निर्देश दिए जाने के बाद अब इस मामले में आगे की प्रक्रिया का इंतजार है।