MP: कमलनाथ के गढ़ छिंदवाड़ा में CM मोहन यादव का एक्शन, CMHO समेत 3 अधिकारी सस्पेंड; SDM को नोटिस
छिंदवाड़ा: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के छिंदवाड़ा दौरे के दौरान प्रशासनिक लापरवाही पर सख्त कार्रवाई देखने को मिली। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत जनसुनवाई के दौरान लोगों की शिकायतें सुनते हुए उन्होंने तीन अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए। इनमें मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नरेश गुन्नाडे, स्थानीय तहसीलदार और पटवारी शामिल हैं।
जनसुनवाई में लापरवाही पर अधिकारियों पर कार्रवाई
जनसुनवाई के दौरान सामने आई शिकायतों और ड्यूटी में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के आदेश के बाद संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया।
इसके अलावा चौरई जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और श्रम अधिकारी का एक-एक वेतनवृद्धि रोकने का आदेश भी दिया गया। इन अधिकारियों पर मनवती वर्मा नाम की महिला को पिछले चार वर्षों से अंतिम संस्कार में मिलने वाली सरकारी सहायता और आर्थिक मदद नहीं दिलाने का आरोप था। महिला ने इस संबंध में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर भी शिकायत की थी।
जमीन का रिकॉर्ड ठीक नहीं होने पर SDM और पटवारी को नोटिस
एक अन्य शिकायत गोविंद नायक की जमीन के रिकॉर्ड से जुड़ी थी। रिकॉर्ड दुरुस्त नहीं किए जाने के मामले में मुख्यमंत्री ने चौरई के अनुविभागीय दंडाधिकारी और संबंधित पटवारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
वहीं भावना देहरिया नाम की महिला ने प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत सब्सिडी नहीं मिलने की शिकायत की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मामले में तत्काल कार्रवाई करने और नियमों के अनुसार महिला को योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर कार्यालय में भी व्यवस्थाओं का लिया जायजा
जनसुनवाई से पहले मुख्यमंत्री मोहन यादव ने छिंदवाड़ा कलेक्टर कार्यालय में जनसेवा केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उद्यमियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से बातचीत की। उन्होंने क्षेत्र के विकास, औद्योगिक संभावनाओं और विभिन्न योजनाओं की प्रगति को लेकर भी जानकारी ली।
हर शुक्रवार होगी जनसुनवाई
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब हर शुक्रवार को जिले से लेकर तहसील स्तर तक जनता दरबार या जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। इन बैठकों में मंत्री, विधायक, कलेक्टर और कमिश्नर मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई के लिए तय दिन किसी तरह की आधिकारिक बैठक आयोजित नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश ऐसा अभियान शुरू करने वाला पहला राज्य है। मुख्यमंत्री ने प्राकृतिक खेती, पशुपालन और ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि होमस्टे जैसी पहल के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं।
जनप्रतिनिधियों को भी लोगों से सीधे जुड़ने का निर्देश
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ के पूर्व लोकसभा क्षेत्र छिंदवाड़ा में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों से सीधे संवाद करेंगे। सरकार का उद्देश्य लोगों की समस्याओं को मौके पर सुनना और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को जवाबदेह बनाना है।
