E20 पेट्रोल पर केजरीवाल का केंद्र पर हमला, बोले- ‘ट्रम्प के दबाव में सरकार जनता पर थोप रही इथेनॉल’
नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने E20 पेट्रोल के मुद्दे पर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। प्रधानमंत्री आवास की ओर निकाले गए मार्च के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के दबाव में भारत में इथेनॉल को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि सरकार जनता पर जबरन E20 पेट्रोल थोप रही है।
PM आवास मार्च के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में लगाए आरोप
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि E20 पेट्रोल के मुद्दे पर चर्चा के लिए उनकी पार्टी ने करीब एक महीने पहले प्रधानमंत्री से मिलने का समय मांगा था, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। उन्होंने बताया कि मंगलवार को 2 लाख 33 हजार 238 हस्ताक्षरों वाले ज्ञापन प्रधानमंत्री को सौंपने के लिए लगभग 100 समर्थकों के साथ प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च निकाला गया, लेकिन पुलिस ने सभी को फिरोजशाह रोड पर रोक दिया।
‘ट्रम्प के दबाव में लिया जा रहा फैसला’
प्रेस कॉन्फ्रेंस में केजरीवाल ने आरोप लगाया कि अमेरिका भारत पर इथेनॉल खरीदने का दबाव बना रहा है। उनका कहना था कि इसी वजह से E20 पेट्रोल को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि इससे भारत की बजाय अमेरिका के किसानों को फायदा होगा और सरकार इस दबाव के आगे झुक रही है।
सरकार के जवाब का हवाला देकर उठाए सवाल
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान AAP सांसद संजय सिंह ने कहा कि उन्होंने सरकार से E20 पेट्रोल को लेकर सवाल पूछा था और जो जवाब मिला है, उसकी प्रति मीडिया को उपलब्ध कराई जाएगी। उनका दावा था कि सरकार के जवाब से स्पष्ट होता है कि E20 पेट्रोल के इस्तेमाल से माइलेज कुछ कम होता है और वाहन के रबर वाले कुछ हिस्सों पर असर पड़ सकता है। इसी आधार पर पार्टी ने सरकार की नीति पर सवाल उठाए।
NEET आंदोलन का भी किया जिक्र
केजरीवाल ने कहा कि जिस तरह NEET मुद्दे पर आंदोलन हुआ था, उसी तरह E20 पेट्रोल के खिलाफ भी बड़ा जनआंदोलन खड़ा करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि यदि लोग E20 से राहत चाहते हैं तो उन्हें बड़ी संख्या में सड़कों पर उतरना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि आंदोलन आगे भी जारी रहेगा और अगली रणनीति जल्द घोषित की जाएगी।
समर्थकों का जताया आभार, सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
AAP प्रमुख ने मार्च में शामिल समर्थकों का धन्यवाद करते हुए कहा कि मौजूदा समय में विरोध दर्ज कराना आसान नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विरोध करने वालों पर कार्रवाई करती है और असहमति की आवाज को दबाने की कोशिश करती है। उन्होंने कहा कि जनता के सहयोग से पार्टी E20 पेट्रोल के मुद्दे को आगे भी उठाती रहेगी।
E20 नीति पर सरकार की कथनी-करनी पर उठाए सवाल
केजरीवाल ने दावा किया कि सरकार पहले E20 पेट्रोल से माइलेज कम न होने की बात कहती थी, जबकि अब संसद में माइलेज कम होने की बात स्वीकार की गई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पहले इंजन पर असर से इनकार किया गया, लेकिन अब रबर के कुछ हिस्सों पर प्रभाव की बात सामने आई है। साथ ही उन्होंने विदेशी मुद्रा बचत और किसानों को लाभ संबंधी दावों पर भी सवाल उठाए।
