दिल्ली

अमेरिकी टैरिफ पर केजरीवाल का मोदी सरकार पर हमला, बोले- हर फैसले में ट्रंप का दखल

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अमेरिकी टैरिफ से जुड़े विधेयक को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा है। अमेरिकी सीनेट में रूस से तेल खरीदने वाले देशों पर 100 प्रतिशत तक टैरिफ लगाने से जुड़े विधेयक को मंजूरी मिलने के बाद केजरीवाल ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार के हर छोटे-बड़े फैसले में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का प्रभाव दिखाई देता है।

केजरीवाल ने शनिवार को सोशल मीडिया पर अमेरिकी विधेयक से संबंधित खबर साझा करते हुए केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ट्रंप की हर बात मान रहे हैं, चाहे वह सही हो या गलत। केजरीवाल ने यह भी कहा कि ट्रंप भारत के खिलाफ अलग-अलग क्षेत्रों में फैसले लेते हैं।

अमेरिकी सीनेट में 86-11 मतों से पास हुआ विधेयक

अमेरिकी सीनेट ने रूस के साथ तेल और पेट्रोलियम उत्पादों के व्यापार को लेकर एक विधेयक को भारी बहुमत से मंजूरी दी है। विधेयक में कहा गया है कि रूस के साथ इस तरह का व्यापार यूक्रेन युद्ध को जारी रखने में मदद कर रहा है।

सीनेट ने ‘लिंडसे ओ. ग्राहम सैंक्शनिंग रूस एंड ईरान एक्ट ऑफ 2026’ को 11 के मुकाबले 86 मतों से पारित किया। इस विधेयक के तहत अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को रूस से तेल और गैस का सबसे अधिक आयात करने वाले पांच देशों से आने वाले सामान पर 100 प्रतिशत तक शुल्क लगाने का अधिकार दिया गया है।

भारत समेत पांच देश निशाने पर

विधेयक में रूस से तेल और गैस का सबसे अधिक आयात करने वाले पांच देशों के तौर पर चीन, भारत, अजरबैजान, हंगरी और स्लोवाकिया का उल्लेख किया गया है। रूस पर प्रस्तावित प्रतिबंधों के अलावा विधेयक में 1996 के ईरान प्रतिबंध अधिनियम की अवधि को वर्ष 2031 तक बढ़ाने का भी प्रावधान है।

अमेरिकी सीनेट में विधेयक पारित होने के बाद भारत में भी राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। विपक्षी दल केंद्र सरकार को इस मुद्दे पर घेर रहे हैं।

केजरीवाल ने लगाया भारत के हितों से समझौते का आरोप

अमेरिकी विधेयक से जुड़ी खबर साझा करते हुए केजरीवाल ने आरोप लगाया कि देश को अमेरिका के हाथों गिरवी रखने और ट्रंप की शर्तें स्वीकार करने के कारण भारत ऐसी स्थिति में पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि आज देश के हर छोटे-बड़े फैसले में ट्रंप का दखल दिखाई देता है।

केजरीवाल ने अपने बयान में केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि ट्रंप भारत के खिलाफ फैसले लेते हैं और मोदी सरकार उनकी बात मान लेती है।

E20 नीति को लेकर भी सरकार पर निशाना साध चुके हैं

अरविंद केजरीवाल इससे पहले इथेनॉल के मुद्दे पर भी केंद्र सरकार पर हमला बोल चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया था कि E20 नीति का उद्देश्य अमेरिका में बचे हुए इथेनॉल के लिए भारत में बाजार तैयार करना था।

केजरीवाल का आरोप है कि सरकार ने जरूरी आधारभूत ढांचे को अपग्रेड किए बिना ही E20 नीति को लागू कर दिया। इस मुद्दे को लेकर भी उन्होंने केंद्र सरकार की नीति पर सवाल उठाए थे।