जौनपुर दूल्हा हत्याकांड में बड़ा एनकाउंटर, एक लाख का इनामी रवि यादव पुलिस मुठभेड़ में ढेर
जौनपुर: उत्तर प्रदेश के जौनपुर में चर्चित दूल्हा हत्याकांड मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। मामले के मुख्य आरोपियों में शामिल एक लाख रुपये के इनामी बदमाश रवि यादव को पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में मुठभेड़ के दौरान मार गिराया गया। देर रात खेतासराय थाना क्षेत्र के रानीमऊ मोड़ के पास हुई इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया।
घेराबंदी के दौरान पुलिस पर की फायरिंग
पुलिस के मुताबिक, रवि यादव के इलाके में मौजूद होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस और एसटीएफ की टीम ने संयुक्त रूप से घेराबंदी की। खुद को चारों ओर से घिरा देख आरोपी ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में रवि यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मुठभेड़ में तीन पुलिसकर्मी बाल-बाल बचे
इस एनकाउंटर के दौरान लाइन बाजार थाना प्रभारी केके सिंह के बाएं हाथ में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गए। वहीं खेतासराय थाना प्रभारी श्रीप्रकाश शुक्ला और एसओजी टीम के प्रवीण यादव की बुलेटप्रूफ जैकेट में गोली लगी। सुरक्षा जैकेट होने की वजह से दोनों पुलिसकर्मियों की जान बच गई। घायल पुलिसकर्मी का इलाज कराया जा रहा है।
एक मई को हुई थी दूल्हे की हत्या
गौरतलब है कि बीते एक मई को 25 वर्षीय आजाद बिंद शादी के लिए बारात लेकर जा रहे थे, तभी बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी थी। इस सनसनीखेज वारदात में आजाद बिंद की मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया था।
अब दो आरोपियों की तलाश में दबिश
पुलिस ने इस मामले में कुल सात लोगों को आरोपी बनाया था। रवि यादव के एनकाउंटर के बाद अब फरार चल रहे प्रदीप बिंद और भोले राजभर की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
