बिहार

सीतामढ़ी में दहेज हत्या का आरोप: ‘मेरी बहन लावारिस नहीं’, श्मशान से बाइक पर शव ले गया भाई; 6 पर केस दर्ज

सीतामढ़ी: बिहार के सीतामढ़ी जिले में दहेज उत्पीड़न और नवविवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर 25 वर्षीय मधु कुमारी की हत्या कर दी गई। घटना के बाद ससुराल पक्ष कथित तौर पर जल्दबाजी में अंतिम संस्कार कर रहा था। इसी दौरान मृतका का भाई श्मशान घाट पहुंचा और यह कहते हुए कि “मेरी बहन लावारिस नहीं है”, शव को बाइक पर रखकर ससुराल ले गया। इसके बाद विधि-विधान के साथ अंतिम संस्कार कराया गया। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

परिजनों के अनुसार, मधु कुमारी की शादी करीब सात महीने पहले सुप्पी थाना क्षेत्र के घरवारा गांव निवासी चंदन कुमार से हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार हुई थी। उनका आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष बुलेट मोटरसाइकिल की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित कर रहा था।

दहेज के लिए हत्या का आरोप

मृतका के परिजनों का आरोप है कि दहेज में बुलेट बाइक नहीं मिलने पर मधु कुमारी की गला दबाकर हत्या कर दी गई। उनका कहना है कि शादी में करीब 20 लाख रुपये खर्च किए गए थे, इसके बावजूद ससुराल पक्ष की मांगें खत्म नहीं हुईं।

भाई ने श्मशान से वापस ले गया शव

घटना के बाद पोस्टमार्टम पूरा होने पर ससुराल पक्ष कथित तौर पर सीधे शव को श्मशान घाट ले गया। इस दौरान मृतका का भाई वहां पहुंचा और विरोध जताते हुए शव को अपनी बाइक पर रखकर ससुराल ले आया। बाद में अर्थी सजाकर धार्मिक रीति-रिवाज के अनुसार अंतिम संस्कार कराया गया। परिजनों के दबाव पर मृतका के ससुर ने मुखाग्नि दी।

मां की शिकायत पर 6 लोगों के खिलाफ केस

मृतका की मां आरती देवी की शिकायत पर सुप्पी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में पति चंदन कुमार, देवर चंचल कुमार, नंदन कुमार, ससुर अवधेश झा, सास सीमा देवी समेत छह लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है।

मृतका की बहन खुशबू कुमारी ने पुलिस को बताया कि शादी के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर मधु को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

घटना के बाद अस्पताल परिसर में मृतका के परिजनों और ससुराल पक्ष के बीच तनाव की स्थिति भी बनी। इस दौरान मृतका के ससुर के साथ मारपीट की घटना भी सामने आई, जिसे स्थानीय लोगों ने शांत कराया।

सुप्पी थाना पुलिस का कहना है कि मृतका की मां की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।