दिल्ली

Vietnam Boat Tragedy: वियतनाम में बड़ा हादसा, 15 भारतीय पर्यटकों की मौत; पीएम मोदी बोले- हर संभव मदद पहुंचा रही भारत सरकार

नई दिल्ली: वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास हुए दर्दनाक स्पीडबोट हादसे में 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई। हादसे में कई अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनमें 21 लोगों को बचाकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई और कहा कि भारत सरकार की ओर से हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी संदेश में कहा कि फु क्वोक के पास भारतीय नागरिकों की नाव दुर्घटना की खबर बेहद दुखद है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री ने बताया कि वियतनाम स्थित भारतीय दूतावास और वाणिज्य दूतावास प्रभावित भारतीयों की हरसंभव मदद में जुटे हैं तथा भारतीय अधिकारी लगातार स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हैं।

32 भारतीय पर्यटक थे स्पीडबोट में सवार

समाचार एजेंसी एपी के अनुसार, स्पीडबोट होन मे रुट द्वीप से एन थोई बंदरगाह की ओर जा रही थी। इसी दौरान तट से करीब 400 मीटर पहले नाव हादसे का शिकार हो गई। स्पीडबोट में 32 भारतीय पर्यटकों के अलावा चार चालक दल के सदस्य सवार थे।

21 लोगों को सुरक्षित निकाला गया, दो की हालत गंभीर

वियतनाम के अधिकारियों के अनुसार हादसे में 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हुई है, जिनमें 13 पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। मृतकों में तेलुगु भाषी राज्यों के सात लोग भी बताए गए हैं। बचाव अभियान के दौरान 21 लोगों को सुरक्षित निकाला गया, जिनमें 17 यात्री और चार चालक दल के सदस्य शामिल हैं। अस्पताल में भर्ती घायलों में दो की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका उपचार जारी है।

खराब मौसम और तकनीकी खराबी की जांच

स्थानीय मीडिया के अनुसार हादसे के समय समुद्र में मौसम खराब था और तेज लहरें उठ रही थीं। प्रारंभिक जांच में खराब मौसम और संभावित तकनीकी खराबी को दुर्घटना के संभावित कारणों में शामिल किया गया है। बचाव अभियान पूरा होने के बाद वियतनाम के अधिकारियों ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

भारतीय दूतावास ने सक्रिय किया आपात सहायता तंत्र

घटना के बाद वियतनाम स्थित भारतीय दूतावास ने आपातकालीन सहायता व्यवस्था सक्रिय कर दी है। दूतावास भारतीय नागरिकों और उनके परिजनों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के साथ स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार समन्वय बनाए हुए है।