पत्नी के तानों से टूट गया पति! आगरा में युवक ने दी जान, 13 दिन बाद पत्नी समेत चार पर मुकदमा दर्ज
आगरा: आगरा के शमशाबाद क्षेत्र में एक युवक की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने 13 दिन बाद मृतक के पिता की शिकायत पर पत्नी समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि पत्नी लगातार मानसिक प्रताड़ना देती थी, पति की मर्दानगी पर सवाल उठाती थी और उसे आत्महत्या के लिए उकसाती थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
शादी के बाद से बढ़ता गया पारिवारिक विवाद
मृतक गौरव की शादी करीब चार वर्ष पहले शाहगंज निवासी करिश्मा से हुई थी। मृतक के पिता का आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद से ही दंपती के बीच विवाद शुरू हो गया था। उनका कहना है कि बहू अक्सर गौरव को पसंद न करने और किसी अन्य व्यक्ति से प्रेम करने की बात कहती थी, जिससे परिवार में लगातार तनाव बना रहता था।
25 लाख रुपये मांगने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी का आरोप
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पत्नी तलाक के बदले 25 लाख रुपये की मांग कर रही थी। मांग पूरी नहीं होने पर पूरे परिवार को दहेज के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
पिता का आरोप- आत्महत्या के लिए किया उकसाया
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, जब इस विवाद की जानकारी पत्नी के मायके पक्ष के लोगों को दी गई तो उन्होंने भी उसका ही समर्थन किया। आरोप है कि 3 जुलाई को दोपहर करीब 1:30 बजे पत्नी ने गौरव के साथ मारपीट की और गंभीर मानसिक आघात पहुंचाने वाली बातें कहीं। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि पत्नी ने उसे अपमानित करते हुए आत्महत्या के लिए उकसाया, जिसके बाद मानसिक अवसाद में आकर गौरव ने आत्महत्या कर ली।
पत्नी समेत चार लोगों पर दर्ज हुआ मुकदमा
पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर पत्नी करिश्मा, उसके भाई रवि, विक्रम और बड़ी बहन रिंका के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
