अबोहर में अंतिम संस्कार के दौरान बवाल, पत्नी की चिता पर पति पर हमला, पुलिस ने संभाली जिम्मेदारी और खुद कराया दाह संस्कार
अबोहर। पंजाब के अबोहर में इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला के अंतिम संस्कार के दौरान ही उसके पति पर ससुराल पक्ष के लोगों ने हमला कर दिया। हालात ऐसे बने कि पुलिस को न सिर्फ स्थिति संभालनी पड़ी, बल्कि मृतका का अंतिम संस्कार भी खुद कराना पड़ा।
यह घटना इन्द्रा नगरी क्षेत्र के पास स्थित मुख्य शिवपुरी की है, जहां देर शाम महिला का अंतिम संस्कार किया जा रहा था। इसी दौरान मृतका के भाइयों ने मौके पर पहुंचकर विवाद खड़ा कर दिया और पति के साथ मारपीट शुरू कर दी। हमले में घायल पति को तुरंत सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पति का आरोप—इलाज में अकेला छोड़ा, अब कर रहे हैं आरोप-प्रत्यारोप
अस्पताल में भर्ती घायल पति सोनू, निवासी दशमेश नगर, ने बताया कि उसकी पत्नी खुशबू करीब चार महीने पहले सीढ़ियों से गिरकर घायल हो गई थी। इसके बाद उसे टीबी भी हो गई थी। उसने दावा किया कि वह अपनी पत्नी के इलाज के लिए लगातार प्रयास करता रहा और कर्ज लेकर भी इलाज कराया।
सोनू के अनुसार, उसने अपने ससुराल पक्ष से आर्थिक मदद मांगी, लेकिन किसी ने सहयोग नहीं किया। उसने आरोप लगाया कि पत्नी की मौत के बाद ससुराल पक्ष के लोग उस पर केस दर्ज कराने और पैसे वसूलने के इरादे से मौके पर पहुंचे थे।
श्मशान घाट पर विवाद, शव ले जाने की कोशिश और फिर हमला
घटना के दौरान जब सोनू अपनी पत्नी का अंतिम संस्कार कर रहा था, तभी उसके साले वहां पहुंचे और कथित तौर पर शव को अपने साथ ले जाने का प्रयास किया। जब सोनू ने इसका विरोध किया, तो आरोप है कि उसके साथ शिवपुरी परिसर में ही जमकर मारपीट की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद थाना प्रभारी मनिंदर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस ने निभाई जिम्मेदारी, खुद कराया अंतिम संस्कार
घटना के बाद पुलिस ने न सिर्फ घायल को अस्पताल पहुंचाया, बल्कि मृतका के अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी भी खुद उठाई। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर मौजूद ससुराल पक्ष के लोगों को फटकार लगाई और पूरे घटनाक्रम को गंभीरता से लिया।
फिलहाल घायल पति ने पुलिस प्रशासन से अपने ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
