Saturday, May 9, 2026
Latest:
उत्तर प्रदेश

गंगा एक्सप्रेसवे लोकार्पण से पहले ट्रैफिक प्लान लागू, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे के जरिए ऐसे पहुंचे कार्यक्रम स्थल

उन्नाव और हरदोई सीमा पर आयोजित गंगा एक्सप्रेसवे के लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने विस्तृत ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू कर दिया है। प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर खास इंतजाम किए गए हैं, ताकि कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

प्रधानमंत्री बुधवार को हरदोई जिले के मल्लावां क्षेत्र में पहुंचेंगे, जहां मेरठ से प्रयागराज तक बने गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल उन्नाव जनपद की सीमा के पास होने के कारण दोनों जिलों की पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है और प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे से तय होगा मुख्य मार्ग

कार्यक्रम में शामिल होने वाले वाहनों के लिए विशेष रूट निर्धारित किया गया है। बांगरमऊ नगर से कार्यक्रम स्थल तक जाने वाले वाहन नानामऊ मार्ग होते हुए कल्याणी नदी तिराहे से पावर हाउस के रास्ते आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे तक पहुंचेंगे। इसके बाद नसिरापुर गांव के पास बने कट से किलोमीटर संख्या 238 पर एक्सप्रेस-वे पर चढ़कर शादीपुर गांव के पास बने इंटरचेंज से सीधे कार्यक्रम स्थल तक पहुंचा जा सकेगा।

कई प्रमुख मार्गों पर बैरियर, ट्रैफिक डायवर्ट

ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए आसीवन क्षेत्र के मियागंज चौराहा और सफीपुर तिराहे पर बैरियर लगाए गए हैं। बांगरमऊ और हरदोई की ओर जाने वाले वाहनों को यहां से रोका जाएगा और उन्हें मोहन की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं हरदोई जाने वाले वाहन औरास होते हुए संडीला मार्ग से अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।

सुरक्षा के बीच प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद

कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा के लिहाज से हर प्रमुख स्थान पर पुलिस और खुफिया एजेंसियों की तैनाती की गई है। कार्यक्रम स्थल के आसपास विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

होटल और गेस्ट हाउस पूरी तरह फुल

प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के चलते बांगरमऊ नगर में ठहरने की भारी मांग देखने को मिल रही है। प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस कर्मियों और अन्य विभागों के कर्मचारियों के आगमन से अधिकांश होटल और गेस्ट हाउस पूरी तरह भर चुके हैं। कई स्थानों पर दो दिन पहले ही सभी कमरे बुक हो गए थे।

मंगलवार को दिनभर और देर रात तक विभिन्न विभागों के अधिकारी और सुरक्षा बल नगर में पहुंचते रहे, जिससे होटल संचालकों को अतिरिक्त व्यवस्थाएं करनी पड़ीं। स्थानीय लोगों के अनुसार, इतनी बड़ी संख्या में एक साथ बुकिंग पहले कम ही देखने को मिली है।