लखनऊ में आगरा एक्सप्रेसवे के पास बनेगी वशिष्ठ नगर योजना, 50 एकड़ में लगेंगे MSME उद्योग; 400 करोड़ रुपये भी होंगे खर्च
लखनऊ। आगरा एक्सप्रेसवे के आसपास आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और रोजगार के नए अवसर पैदा करने के लिए वशिष्ठ नगर योजना को शासन की मंजूरी मिल गई है। लखनऊ विकास प्राधिकरण की इस योजना में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों के लिए 50 एकड़ जमीन उपलब्ध कराई जाएगी। इससे राजधानी में स्टार्टअप, उद्योग और रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।
1035 एकड़ में विकसित होगी वशिष्ठ नगर योजना
मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत आगरा एक्सप्रेसवे के पास वशिष्ठ नगर योजना को 1035 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित किया जाएगा। इसके लिए रेवरी, भलिया, गहलवारा, आदमपुर इन्दवारा, बहरू और जलियामऊ गांवों की भूमि चिन्हित की गई है। यह योजना 6580 एकड़ में विकसित की जा रही वरुण विहार आवासीय योजना के क्षेत्र में ही आकार लेगी।
एमएसएमई उद्योगों के लिए मिलेगी 50 एकड़ जमीन
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के मुताबिक, योजना में आर्थिक विकास को गति देने के लिए औद्योगिक, लॉजिस्टिक और व्यावसायिक क्लस्टर विकसित किए जाएंगे। एमएसएमई विभाग द्वारा संचालित सरदार वल्लभ भाई पटेल रोजगार एवं औद्योगिक क्षेत्र योजना के तहत 50 एकड़ भूमि पर सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम स्थापित किए जाएंगे।
इन उद्योगों के आने से राजधानी में स्टार्टअप को बढ़ावा मिलने के साथ युवाओं के लिए रोजगार, कौशल विकास और उद्यमिता के अवसर उपलब्ध होने की उम्मीद है।
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सप्लाई चेन से जुड़ेगा क्षेत्र
वशिष्ठ नगर योजना को उत्तर प्रदेश स्टेट कैपिटल रीजन के विकास के दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। योजना के विकसित होने के बाद राजधानी को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सप्लाई चेन से जोड़ने में मदद मिलने की उम्मीद है। यहां औद्योगिक और आर्थिक गतिविधियों के लिए अलग-अलग जोन विकसित किए जाएंगे।
आगरा एक्सप्रेसवे समेत इन मार्गों से मिलेगी कनेक्टिविटी
वशिष्ठ नगर योजना की कनेक्टिविटी आगरा एक्सप्रेसवे, मोहान रोड, लिंक एक्सप्रेसवे और वरुण विहार योजना जैसे प्रमुख मार्गों से होगी। इससे उद्योग, वेयरहाउसिंग, लॉजिस्टिक्स और परिवहन क्षेत्र को लाभ मिलने की संभावना है।
शासन से मंजूरी मिलने के बाद अब किसानों से सहमति और अन्य माध्यमों से जमीन जुटाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। भूमि अधिग्रहण और जुटाव पर करीब 1328 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
योजना के विकास के लिए मिलेंगे 400 करोड़ रुपये
वशिष्ठ नगर योजना के विकास के लिए शासन से 400 करोड़ रुपये मिलने का रास्ता भी साफ हो गया है। धनराशि उपलब्ध होने के बाद योजना क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं और अन्य विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।
