अन्य राज्य

‘2036 ओलंपिक का सपना आज से तैयार होगा’… जींद से PM मोदी का बड़ा विजन, खिलाड़ियों को दिया मिशन मोड का मंत्र

जींद: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा के जींद से देश को खेलों के भविष्य को लेकर बड़ा संदेश दिया। देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाने और करीब 15 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास करने के बाद उन्होंने भारत को खेल महाशक्ति बनाने के लक्ष्य पर जोर दिया। प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों से कहा कि यदि भारत को 2036 ओलंपिक की मेजबानी करनी है और विश्व खेल जगत में नई पहचान बनानी है, तो इसकी तैयारी आज से ही शुरू करनी होगी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि खेल अब केवल पदक जीतने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि रोजगार, नवाचार, वैश्विक पहचान और आर्थिक विकास का भी महत्वपूर्ण माध्यम बन चुके हैं। उन्होंने युवाओं से आधुनिक खेल संस्कृति अपनाने और लंबे लक्ष्य के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

2036 ओलंपिक को लेकर दिया बड़ा संदेश
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 2036 ओलंपिक का लक्ष्य सिर्फ सरकार का नहीं, बल्कि पूरे देश का सपना होना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से 12 से 15 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें वैज्ञानिक प्रशिक्षण और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों के ओलंपिक चैंपियन आज स्कूलों, गांवों और खेल मैदानों में अभ्यास कर रहे हैं। यदि उन्हें समय पर संसाधन और उचित मार्गदर्शन मिले, तो भारत खेलों में नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकता है।

विदेश दौरों का किया जिक्र, खेल सहयोग बढ़ाने पर जोर
प्रधानमंत्री ने हाल की इंडोनेशिया, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि इन देशों के साथ खेल, खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और खेल उद्योग में सहयोग बढ़ाने पर महत्वपूर्ण सहमति बनी है।

उन्होंने कहा कि वैश्विक अनुभवों और आधुनिक तकनीक का लाभ भारतीय खिलाड़ियों तक पहुंचाने की दिशा में काम किया जाएगा, जिससे देश का खेल पारिस्थितिकी तंत्र और मजबूत हो सके।

नई राष्ट्रीय खेल नीति का भी किया उल्लेख
प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की नई राष्ट्रीय खेल नीति का उद्देश्य खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं और करियर के अधिक अवसर उपलब्ध कराना है। उनका कहना था कि खेल क्षेत्र में निवेश भविष्य के भारत को नई पहचान देगा।

हरियाणा मॉडल की जमकर सराहना
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने हरियाणा की खेल संस्कृति की विशेष प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि आबादी के लिहाज से छोटा राज्य होने के बावजूद हरियाणा अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत के लिए सबसे अधिक पदक जीतने वाले राज्यों में शामिल है।

उन्होंने इसे खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और राज्य की खेल नीति का परिणाम बताते हुए कहा कि हरियाणा का मॉडल पूरे देश के लिए प्रेरणा बन सकता है।

विश्व पुलिस एवं फायर गेम्स का भी किया जिक्र
प्रधानमंत्री ने अहमदाबाद में आयोजित होने वाले विश्व पुलिस एवं फायर गेम्स का उल्लेख करते हुए विश्वास जताया कि हरियाणा सहित देशभर के खिलाड़ी वहां भी भारत का नाम रोशन करेंगे।

हरियाणा सरकार की भी सराहना
प्रधानमंत्री मोदी ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार की कार्यशैली की भी प्रशंसा की। उन्होंने बिना खर्ची और बिना पर्ची सरकारी नौकरियों की व्यवस्था को सुशासन का उदाहरण बताया। साथ ही कृषि, उद्योग, रोजगार और खेल क्षेत्र में हो रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि विकसित हरियाणा, विकसित भारत के संकल्प को नई गति देगा।