हरिद्वार-बाड़मेर के बीच समर स्पेशल ट्रेन शुरू, यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे का बड़ा फैसला; एसी, स्लीपर और जनरल कोच की सुविधा
हरिद्वार: गर्मी के मौसम में नियमित ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। हरिद्वार और बाड़मेर के बीच समर स्पेशल ट्रेन की शुरुआत की गई है, जो निर्धारित अवधि तक सप्ताह में दो दिन संचालित की जाएगी। इस ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए एसी, स्लीपर और जनरल कोच की व्यवस्था की गई है।
रेलवे प्रशासन के अनुसार यह विशेष ट्रेन बाड़मेर-हरिद्वार-बाड़मेर मार्ग पर चलाई जा रही है, ताकि यात्रियों को भीड़भाड़ से राहत मिल सके और यात्रा सुगम हो सके।
सप्ताह में दो दिन चलेगी विशेष ट्रेन
इस समर स्पेशल ट्रेन का संचालन बाड़मेर से 11 मई से 16 जुलाई तक हर सोमवार और गुरुवार को किया जाएगा। वहीं हरिद्वार से यह सेवा 12 मई से 17 जुलाई तक हर मंगलवार और शुक्रवार को उपलब्ध रहेगी। दोनों दिशाओं में इस ट्रेन के कुल 20-20 फेरे लगाए जाएंगे।
समय और रूट की जानकारी
बाड़मेर से यह ट्रेन (गाड़ी संख्या 04811) सुबह करीब 4:15 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 4:10 बजे हरिद्वार पहुंचेगी। वहीं हरिद्वार से चलने वाली ट्रेन (गाड़ी संख्या 04812) सुबह 5:15 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 6:35 बजे बाड़मेर पहुंचेगी।
यात्रियों को मिलेगी राहत
रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस रूट पर गर्मियों के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिलती है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह विशेष ट्रेन शुरू की गई है। इससे लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलेगी और उन्हें कंफर्म सीट भी मिल सकेगी।
सीनियर डीसीएम महेश यादव ने जानकारी दी कि इस ट्रेन में सभी श्रेणियों के कोच उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे हर वर्ग के यात्री इसका लाभ उठा सकेंगे।
