राजस्थान

रील के चक्कर में जेल: डीजल से स्कॉर्पियो धोने का स्टंट पड़ा भारी, राजस्थान में दो युवक गिरफ्तार

नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर रील बनाने का बढ़ता क्रेज अब लोगों को कानून के शिकंजे तक पहुंचा रहा है। ताजा मामला राजस्थान के सिरोही जिले से सामने आया है, जहां खतरनाक स्टंट कर वीडियो बनाना दो युवकों को महंगा पड़ गया। पालड़ी एम थाना क्षेत्र में एक युवक ने पेट्रोल पंप पर डीजल से स्कॉर्पियो कार धोते हुए रील बनाई और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया।

वायरल वीडियो पहुंचा एसपी तक, तुरंत कार्रवाई के आदेश

बताया जा रहा है कि यह वीडियो करीब एक हफ्ता पुराना है, जो हाल ही में सिरोही एसपी पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ तक पहुंचा। वीडियो में एक युवक डीजल से कार धोता नजर आ रहा है, जबकि दूसरा उसका वीडियो बना रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने तत्काल जांच और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

पुलिस टीम ने दबोचे दोनों आरोपी

एएसपी किशोर सिंह चौहान और शिवगंज डीएसपी पुष्पेंद्र वर्मा के निर्देशन में पालड़ी एम थाना अधिकारी कैलाश दान के नेतृत्व में टीम गठित की गई। जांच के बाद पुलिस ने शिवगंज निवासी जीतू सिंह उर्फ महिपाल सिंह के बेटे श्रीपाल सिंह को गिरफ्तार किया। वहीं वीडियो बनाने वाले राडभर निवासी श्रीपाल सिंह के बेटे उम्मेद सिंह को भी हिरासत में लिया गया।

वाहन जब्त, पूछताछ जारी

पुलिस ने स्टंट में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो गाड़ी को भी जब्त कर लिया है और मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना अधिकारी कैलाश दान के साथ एएसआई राजेंद्र, कॉन्स्टेबल दौलत सिंह, हरीश कुमार और राजरतन सिंह भी शामिल रहे।