बिहार

राज्यसभा में नीतीश कुमार की पहली मौजूदगी, बरसों की इच्छा हुई पूरी; राजनीतिक सफर में जुड़ा नया अध्याय

पटना: जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य नीतीश कुमार ने मंगलवार को पहली बार राज्यसभा सदस्य के रूप में सदन की कार्यवाही में हिस्सा लिया। लंबे राजनीतिक जीवन के बाद संसद के उच्च सदन में सदस्य के रूप में उनकी पहली उपस्थिति को उनके सार्वजनिक जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है।

पहली बार सदस्य के रूप में राज्यसभा पहुंचे

राज्यसभा की कार्यवाही में शामिल होने के दौरान नीतीश कुमार ने उपराष्ट्रपति एवं राज्यसभा के सभापति सी. पी. राधाकृष्णन से शिष्टाचार मुलाकात भी की। इस दौरान दोनों के बीच समसामयिक और संसदीय विषयों पर चर्चा हुई। इस अवसर पर जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा भी मौजूद रहे।

एक्स पर साझा किया अनुभव

नीतीश कुमार ने इस अवसर का उल्लेख अपने एक्स हैंडल पर भी किया। उन्होंने लिखा कि वह पहली बार राज्यसभा सदस्य के रूप में सदन की कार्यवाही में शामिल हुए हैं। इससे पहले वह केंद्रीय मंत्री के रूप में राज्यसभा में जाते रहे थे, लेकिन इस बार उनकी भूमिका एक निर्वाचित सदस्य की रही।

राजनीतिक सफर में जुड़ा नया पड़ाव

करीब दो दशक तक बिहार की राजनीति के केंद्र में रहने और लंबे समय तक मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद राज्यसभा तक पहुंचना नीतीश कुमार के राजनीतिक जीवन का नया अध्याय माना जा रहा है। राज्यसभा का सदस्य बनने की उनकी लंबे समय से इच्छा भी बताई जाती रही है, जो अब पूरी हो गई है।

चारों सदनों के सदस्य बनने वाले चुनिंदा नेताओं में शामिल

नीतीश कुमार उन चुनिंदा नेताओं में शामिल हो गए हैं, जिन्हें देश की संसदीय व्यवस्था के चारों सदनों का सदस्य बनने का अवसर मिला है। वह लोकसभा, राज्यसभा, बिहार विधानसभा और बिहार विधान परिषद—चारों सदनों का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। राज्यसभा की कार्यवाही में सदस्य के रूप में उनकी पहली उपस्थिति ने उनके लंबे राजनीतिक करियर में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जोड़ दी है।