उत्तराखंड

‘100 से ज्यादा नकल माफिया जेल गए’, राहुल गांधी के आरोपों पर सीएम धामी का पलटवार; बोले- कांग्रेस के युवराज झूठ फैला रहे हैं

हरिद्वार: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नकल माफिया को लेकर दिए गए बयान पर तीखा पलटवार किया है। हरिद्वार में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी के आरोपों को पूरी तरह झूठा बताते हुए कहा कि उत्तराखंड में भाजपा सरकार ने नकल माफिया के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है और 100 से अधिक आरोपितों को जेल भेजा जा चुका है।

राहुल गांधी के बयान को बताया भ्रामक

मंगलवार को हरिद्वार के अलकनंदा होटल में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कांग्रेस के युवराज हाल ही में देहरादून आए थे और छात्रों से संवाद के दौरान यह दावा कर रहे थे कि उत्तराखंड में एक भी नकल माफिया जेल नहीं गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दावा पूरी तरह गलत और भ्रामक है।

नकल विरोधी कानून का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने नकल विरोधी कानून लागू किया है, जिसके तहत अब तक 100 से अधिक नकल माफिया को जेल भेजा जा चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार भर्ती प्रक्रियाओं को पूरी तरह पारदर्शी बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।

34 हजार से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरी

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से अब तक 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य योग्य युवाओं को निष्पक्ष तरीके से रोजगार उपलब्ध कराना है।

भूमि घोटाले में भी कार्रवाई का दावा

मुख्यमंत्री ने हरिद्वार भूमि घोटाले का उल्लेख करते हुए कहा कि इस मामले में शामिल आरोपित अधिकारियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरत रही है।

विपक्ष पर विकास रोकने की कोशिश का आरोप

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि विपक्ष उत्तराखंड की प्रगति को बाधित करना चाहता है, लेकिन उनकी सरकार किसी भी कीमत पर विकास कार्यों को रुकने नहीं देगी। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास और सुशासन के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा, राम सिंह कैड़ा, विधायक आदेश चौहान, यूआइआइडीबी के प्रबंध निदेशक एवं प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, दायित्वधारी ओम प्रकाश जमदग्नि, नितिन गौतम, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, महापौर किरण जैसल, रुड़की महापौर अनीता अग्रवाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद और शिवालिक नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।