झारखंड को मिला नया मेडिकल कॉलेज! दुमका में 100 MBBS सीटों के साथ खुला रास्ता, राज्य में बढ़ेंगी मेडिकल सीटें
दुमका: झारखंड में मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) ने दुमका जिले के रानिश्वर में नए मेडिकल कॉलेज की स्थापना को मंजूरी दे दी है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 से शुरू होने वाले इस संस्थान में 100 एमबीबीएस सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। नई मंजूरी के साथ राज्य में मेडिकल शिक्षा का दायरा और व्यापक होगा तथा कुल एमबीबीएस सीटों की संख्या में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी होगी।
एनएमसी की ओर से जारी एमबीबीएस सीट मैट्रिक्स में रानिश्वर स्थित सिदो-कान्हू मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल को नए निजी मेडिकल कॉलेज के रूप में शामिल किया गया है। आयोग ने इसे 100 एमबीबीएस सीटों के साथ ‘न्यू एस्टैब्लिशमेंट’ श्रेणी में स्वीकृति प्रदान की है।
650 बेड के अस्पताल के साथ तैयार है परिसर
मेडिकल कॉलेज के निदेशक मुरली नायर के अनुसार, रानिश्वर में मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के लिए अत्याधुनिक बुनियादी ढांचा विकसित किया गया है। क्षेत्र के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 650 बेड का अस्पताल पिछले चार वर्षों से संचालित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि अस्पताल में मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर, सीटी स्कैन, डायलिसिस सहित कई आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे मरीजों को उन्नत उपचार मिल रहा है।
राज्य में 370 MBBS सीटों का हुआ इजाफा
एनएमसी ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए झारखंड में कुल 370 नई एमबीबीएस सीटों को मंजूरी दी है। इनमें नए निजी मेडिकल कॉलेज की 100 सीटें भी शामिल हैं।
इसके अलावा रांची स्थित रिम्स में एमबीबीएस सीटों की संख्या 180 से बढ़ाकर 250 कर दी गई है। वहीं निजी क्षेत्र के तीन मेडिकल कॉलेजों में भी सीटों का विस्तार किया गया है।
मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज की सीटें 200 से बढ़ाकर 250, लक्ष्मी चंद्रवंशी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल की सीटें 100 से बढ़ाकर 150 तथा नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल की सीटें 100 से बढ़ाकर 200 कर दी गई हैं।
अब राज्य में होंगी 1,500 MBBS सीटें
नई स्वीकृतियों के बाद झारखंड में एमबीबीएस सीटों की कुल संख्या 1,130 से बढ़कर 1,500 हो जाएगी। इनमें सरकारी और निजी दोनों क्षेत्रों की सीटें शामिल हैं।
राज्य में अब छह सरकारी मेडिकल कॉलेजों में कुल 800 सीटें उपलब्ध होंगी, जबकि चार निजी मेडिकल कॉलेजों में 700 सीटों पर प्रवेश मिलेगा। एम्स देवघर को छोड़कर राज्य के 10 मेडिकल कॉलेजों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 से कुल 1,500 एमबीबीएस सीटों पर दाखिला होगा।
मेडिकल शिक्षा को मिलेगा नया विस्तार
दुमका में नए मेडिकल कॉलेज की स्थापना से संताल परगना क्षेत्र के छात्रों को मेडिकल शिक्षा के अधिक अवसर मिलेंगे। साथ ही क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाओं को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
