राहुल गांधी के देहरादून संवाद को लेकर कांग्रेस अलर्ट, कार्यक्रम स्थल का लिया जायजा; 3 लाख से ज्यादा युवाओं ने कराया रजिस्ट्रेशन
देहरादून: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के शुक्रवार को आयोजित होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ संवाद कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने गुरुवार को बन्नू स्कूल ग्राउंड पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। पार्टी नेताओं ने पूरे आयोजन की तैयारियों का जायजा लेते हुए जहां भी कमियां मिलीं, उन्हें तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए। संवाद कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गुरुवार देर शाम तक तीन लाख से अधिक युवाओं ने पंजीकरण कराया है।
कार्यक्रम स्थल पर वरिष्ठ नेताओं ने की तैयारियों की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष करन माहरा, कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डा. हरक सिंह रावत, उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप और सूर्यकांत धस्माना, महामंत्री नवीन जोशी, कांग्रेस विधायक दल के उपनेता भवन कापड़ी तथा कांग्रेस के सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा और मनोज यादव भी मौजूद रहे। सभी नेताओं ने कार्यक्रम स्थल का विस्तृत निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और शेष तैयारियां समय रहते पूरी करने पर जोर दिया।
दिल्ली से पहुंचे प्रतिनिधि ने सुरक्षा इंतजाम भी परखे
राष्ट्रीय कांग्रेस की ओर से तैयारियों का आकलन करने दिल्ली से पहुंचे मनोज त्यागी ने भी बन्नू स्कूल ग्राउंड का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पूरे परिसर का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की और आयोजन से जुड़ी तैयारियों की जानकारी ली।
शाम छह बजे पहुंचेंगे राहुल गांधी
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डा. जसविंदर सिंह गोगी ने बताया कि पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी शुक्रवार शाम करीब छह बजे बन्नू स्कूल ग्राउंड पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ संवाद कार्यक्रम को लेकर युवाओं में उत्साह देखने को मिल रहा है और गुरुवार देर शाम तक तीन लाख से अधिक युवाओं ने कार्यक्रम में भागीदारी के लिए अपना पंजीकरण करा लिया है।
