छत्तीसगढ़

PM आवास योजना को लेकर डिप्टी CM विजय शर्मा की बड़ी पहल, शिवराज चौहान को लिखा पत्र; छूटे पात्र परिवारों को जल्द लाभ देने की मांग

रायपुर: छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत पात्र परिवारों को शीघ्र लाभ दिलाने की मांग को लेकर केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखा है। उन्होंने आवास प्लस 2.0 सर्वे के दौरान सामने आई तकनीकी और व्यावहारिक समस्याओं का उल्लेख करते हुए सर्वे से वंचित रह गए पात्र हितग्राहियों को योजना में शामिल करने का आग्रह किया है।

पत्र में उपमुख्यमंत्री ने भारत सरकार से आवश्यक निर्णय लेकर ऐसी व्यवस्था करने की अपील की है, जिससे कोई भी पात्र परिवार प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लाभ से वंचित न रहे।

राष्ट्रीय ग्रामीण सम्मेलन का किया जिक्र

विजय शर्मा ने अपने पत्र में वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में आयोजित राष्ट्रीय ग्रामीण सम्मेलन का उल्लेख करते हुए उसके सफल आयोजन के लिए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को बधाई दी। उन्होंने ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उनके नेतृत्व और मार्गदर्शन की सराहना करते हुए आभार भी व्यक्त किया।

उन्होंने सम्मेलन के दौरान केंद्रीय मंत्री द्वारा दिए गए उस आश्वासन का भी जिक्र किया, जिसमें कहा गया था कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत कोई भी पात्र परिवार आवास से वंचित नहीं रहेगा।

आवास प्लस 2.0 सर्वे में सामने आईं समस्याएं

उपमुख्यमंत्री ने बताया कि 24 जून को प्रदेशभर की ग्राम सभाओं में आवास प्लस 2.0 की पात्रता सूची प्रस्तुत की गई थी। इस दौरान कई व्यावहारिक दिक्कतें सामने आईं।

उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण के समय कई पात्र परिवार पलायन या अन्य कारणों से गांव में मौजूद नहीं थे, जिसके कारण उनका सर्वे नहीं हो पाया और उनका नाम पात्रता सूची में शामिल नहीं हो सका।

इसके अलावा कुछ परिवारों का सर्वे तो किया गया, लेकिन तकनीकी या अन्य कारणों से उनका विवरण पोर्टल पर अपडेट नहीं हो पाया। परिणामस्वरूप वे ग्राम सभा की पात्रता सूची में शामिल नहीं हो सके, जबकि वे योजना के लाभ के पात्र हैं।

केंद्र से समाधान निकालने की अपील

विजय शर्मा ने पत्र में कहा कि इन परिस्थितियों के कारण बड़ी संख्या में पात्र परिवार प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लाभ से वंचित रह गए हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से इस समस्या का समाधान निकालने और आवश्यक निर्णय लेने का अनुरोध किया, ताकि सभी पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ मिल सके।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सभी पात्र परिवारों को आवास उपलब्ध कराने के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों के समन्वय से आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए। साथ ही उन्होंने छत्तीसगढ़ के प्रति केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के सहयोग और मार्गदर्शन के लिए आभार भी जताया।