उत्तराखंड

उत्तराखंड में एक दिन पहले शुरू होगा ‘सेवा संकल्प’ अभियान! घर-घर पहुंचाएगी भाजपा, मोदी के 25 साल के कामों का होगा प्रचार

देहरादून: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से भारतीय जनता पार्टी देशभर में विशेष सेवा अभियान शुरू करने जा रही है। इस अभियान के तहत मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्षों के कार्यकाल के दौरान किए गए कामों और फैसलों को घर-घर तक पहुंचाया जाएगा। उत्तराखंड में अभियान की शुरुआत राष्ट्रीय कार्यक्रम से एक दिन पहले 16 सितंबर से होगी। प्रदेश में ‘सेवा संकल्प’ अभियान 16 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जाएगा।

अभियान को लेकर आयोजित कार्यशाला में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के साथ सेवा कार्यों को भी आगे बढ़ाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से बेहतर इसके लिए कोई दूसरा अवसर नहीं हो सकता। मुख्यमंत्री के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने अपने जीवन का हर क्षण और अपने शरीर का रोम-रोम राष्ट्र को समर्पित किया है। सात अक्टूबर को मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उनकी देश सेवा का सफर 25वें वर्ष में प्रवेश करेगा। उनके अनुसार, प्रधानमंत्री के हर निर्णय में देशहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है।

क्षेत्रीय संयोजक कुलदीप चहल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने जीवन और कार्यशैली से यह साबित किया है कि सत्ता को शक्ति के बजाय सेवा का माध्यम बनाया जा सकता है। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने केंद्रीय नेतृत्व को भरोसा दिलाया कि प्रदेश संगठन इस अभियान को भी प्रभावी ढंग से चलाएगा और देश में बेहतर प्रदर्शन करेगा।

केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा ने कहा कि जिस विकास की कल्पना देश लंबे समय से करता आया है, वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अब साकार होता दिखाई दे रहा है।

धामी के जन्मदिन से उत्तराखंड में अभियान की शुरुआत

राष्ट्रीय स्तर पर सेवा अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से होगी, जबकि उत्तराखंड में इसे 16 सितंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन के अवसर पर शुरू किया जाएगा। क्षेत्रीय संयोजक कुलदीप चहल ने कहा कि देश के कई बड़े और साहसिक फैसलों में आज उत्तराखंड का भी उल्लेख होता है। उन्होंने दावा किया कि इन्हीं फैसलों के चलते प्रदेश में भाजपा की तीसरी बार सरकार बनने की दिशा मजबूत हो रही है।

13 कार्यक्रमों के जरिए चलेगा सेवा अभियान

प्रदेश महामंत्री के अनुसार, ‘सेवा संकल्प’ अभियान के दौरान कुल 13 अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘रंगोली राष्ट्र’ और ‘राष्ट्रीय इन्नोवेशन चैलेंज’ सहित अन्य कार्यक्रम शामिल हैं।

इन कार्यक्रमों के जरिए भाजपा संगठन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्षों के कार्यकाल में हुए कामों और विकास से जुड़े प्रयासों को लोगों तक पहुंचाने की तैयारी कर रहा है।

धामी ने सुनी ‘मन की बात’, राष्ट्र निर्माण में भागीदारी का किया जिक्र

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को कुआंवाला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का 137वां संस्करण सुना। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम आम लोगों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करने का प्रभावी माध्यम बन चुका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने युवाओं को नशे से दूर रहने और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया है। उन्होंने ‘नशामुक्त युवा-विकसित भारत’ के संकल्प को जनआंदोलन बनाने की अपील को युवाओं के लिए महत्वपूर्ण बताया।

धामी के मुताबिक, नशामुक्त युवा सशक्त और विकसित भारत की मजबूत नींव तैयार कर सकते हैं। इससे स्वस्थ, सकारात्मक और राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित युवा शक्ति को नई ऊर्जा मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ के जरिए देश के अलग-अलग हिस्सों में सामान्य लोगों द्वारा किए जा रहे असाधारण कार्य सामने आते हैं। इससे इन लोगों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलती है और दूसरे लोगों को भी सकारात्मक बदलाव के लिए प्रेरणा मिलती है।