उत्तराखंड

ऋषिकेश में 8वीं की छात्रा से होटल में दुष्कर्म! स्नैपचैट पर दोस्ती के बाद मिलने बुलाया, नशीला पदार्थ पिलाने का आरोप

ऋषिकेश: उत्तराखंड के ऋषिकेश में आठवीं कक्षा की नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि सोशल मीडिया के जरिए छात्रा की एक युवक से दोस्ती हुई थी। युवक ने उसे मिलने के बहाने होटल बुलाया और वहां नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। पीड़िता की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

बताया गया है कि घटना शनिवार शाम करीब छह से सात बजे के बीच हुई। नाबालिग किसी तरह होटल से निकलकर अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद पीड़िता के पिता की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अस्पताल में चल रहा नाबालिग का इलाज

वरिष्ठ उपनिरीक्षक नवीन जोशी के मुताबिक, नाबालिग का अस्पताल में उपचार चल रहा है। मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। पुलिस आरोपी की पहचान करने में जुटी है। जांच के दौरान एक मोबाइल नंबर को अहम सुराग माना जा रहा है, जिसके आधार पर आरोपी तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

पुलिस ने उस होटल के प्रवेश रजिस्टर की भी जांच शुरू कर दी है, जहां वारदात होने का आरोप है। होटल संचालक से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस टीम ने होटल के कमरे से कुछ अहम साक्ष्य जुटाए हैं और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की मदद से इनकी जांच कराई जा रही है।

होटल में आरोपी ने दिए थे पहचान संबंधी दस्तावेज?

कोतवाल यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि होटल में प्रवेश के दौरान आरोपी युवक ने अपनी पहचान से जुड़े दस्तावेज जमा किए थे या नहीं। होटल के रिकॉर्ड और उपलब्ध अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

पति पर दूसरी शादी का आरोप, दो लोगों पर मुकदमा

श्यामपुर में एक महिला ने अपने पति पर बिना तलाक लिए दूसरी शादी करने, दहेज के लिए प्रताड़ित करने और मारपीट का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने उसके पति सुमित और रितू के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

कांगड़ी निवासी महिला के अनुसार उसकी शादी 23 नवंबर 2023 को मुजफ्फरनगर निवासी सुमित से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर उसे परेशान किया गया और उसके साथ मारपीट कर घर से निकाल दिया गया।

महिला ने आरोप लगाया है कि उसके पति ने वर्ष 2025 में रितू नाम की महिला से दूसरी शादी कर ली। इस विवाह से एक बच्ची के जन्म का भी आरोप है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, बच्ची के जन्म संबंधी अभिलेख में सुमित का नाम पिता के रूप में दर्ज है।

महिला का आरोप है कि 25 जून को उसका पति उसके मायके पहुंचा और उसके साथ मारपीट करते हुए तलाक देने का दबाव बनाया। कोतवाली प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि शनिवार को महिला की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।