उत्तर प्रदेशलखनऊ

युवा कौशल दिवस पर यूपी में रोजगार की बड़ी सौगात, 10,283 युवाओं को मिली नौकरी; 830 कंपनियों ने किया चयन

लखनऊ: विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश में आयोजित रोजगार मेलों के जरिए 10,283 युवाओं को रोजगार मिला है। 13 से 15 जुलाई तक प्रदेशभर में आयोजित इन मेलों में 830 प्रतिष्ठित कंपनियों ने हिस्सा लिया और विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया। रोजगार मेलों का आयोजन उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन, दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना और राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के संयुक्त प्रयास से किया गया।

तीन दिनों तक चले रोजगार मेले

व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने बताया कि तीन दिनों तक चले रोजगार मेलों में बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए। पहले दिन नौ जिलों—संभल, गोंडा, सुलतानपुर, मऊ, फर्रुखाबाद, औरैया, उन्नाव, चंदौली और देवरिया में आयोजित मेलों में 107 प्रमुख कंपनियों ने 1,071 युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए।

दूसरे दिन सबसे ज्यादा युवाओं का हुआ चयन

रोजगार मेलों के दूसरे दिन 63 जिलों में कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां 689 कंपनियों ने विभिन्न पदों के लिए 8,912 अभ्यर्थियों का चयन किया। वहीं तीसरे दिन अमेठी, पीलीभीत और इटावा में आयोजित रोजगार मेलों में 34 कंपनियों ने 300 युवाओं को रोजगार के लिए चयनित किया।

नौ वर्षों में 12.50 लाख युवाओं को मिला रोजगार

मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने बताया कि प्रदेश सरकार की कौशल विकास योजनाओं के तहत पिछले नौ वर्षों में 20 लाख युवाओं को प्रशिक्षण दिया गया है। इनमें से 12.50 लाख युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार उपलब्ध कराया जा चुका है।

कौशल विकास के जरिए रोजगार पर जोर

सरकार का कहना है कि कौशल विकास कार्यक्रमों और रोजगार मेलों के माध्यम से युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुरूप प्रशिक्षित कर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसी उद्देश्य से प्रदेशभर में लगातार रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है।