छतरपुर में 55 वर्षीय महिला की पीट-पीटकर हत्या, परिवार का आरोप- पुलिस सामने खड़ी रही, 4 आरोपी गिरफ्तार
छतरपुर: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में 55 वर्षीय महिला की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग महिला पर हमला करते हुए दिखाई दे रहे हैं। घटना 11 जुलाई की बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतक महिला की पहचान हरकुंवर प्रजापति के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, वह बारिश का पानी निकालने के लिए घर से बाहर निकली थीं। इसी दौरान पुरानी रंजिश के चलते विरोधी पक्ष के लोगों ने उन पर लाठियों से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं और बाद में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
परिवार ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
मृतका के बेटे राजेंद्र प्रजापति का आरोप है कि घटना के समय डायल-112 पुलिस टीम मौके पर मौजूद थी, लेकिन उसने हमलावरों को रोकने के लिए कोई हस्तक्षेप नहीं किया। परिवार का कहना है कि समय रहते कार्रवाई होती तो महिला की जान बचाई जा सकती थी।
परिजनों के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच विवाद की शुरुआत 25 अप्रैल को हुई थी, जब हरकुंवर प्रजापति के छोटे बेटे पवन प्रजापति और दूसरे पक्ष की एक युवती कथित तौर पर साथ चले गए थे। इसके बाद से दोनों परिवारों के बीच तनाव बना हुआ था।
इलाज से पहले थाने ले जाने का भी आरोप
परिवार ने यह भी आरोप लगाया है कि गंभीर रूप से घायल हरकुंवर प्रजापति को तत्काल अस्पताल ले जाने के बजाय पुलिस पहले थाने ले गई। उनका कहना है कि इससे इलाज में देरी हुई। बाद में अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
चार आरोपी गिरफ्तार, पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी होगी जांच
मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। छतरपुर के पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने कहा कि यदि जांच में मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों की लापरवाही सामने आती है तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
