कांवड़ यात्रा को लेकर अलीगढ़ प्रशासन सख्त! 10 फीट से ऊंचा DJ नहीं चलेगा, नियम तोड़े तो होगी कार्रवाई
अलीगढ़: श्रावण मास, कांवड़ यात्रा, चेहल्लुम और बारावफात को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए अलीगढ़ प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला प्रशासन ने कांवड़ यात्रा में शामिल होने वाले डीजे की ऊंचाई को लेकर स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन ने कहा है कि किसी भी स्थिति में डीजे की ऊंचाई 10 फीट से अधिक नहीं होगी। नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए डीजे की ऊंचाई की जांच फीता लगाकर की जाएगी और निर्धारित सीमा से अधिक ऊंचाई मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
डीएम और एसएसपी ने की तैयारियों की समीक्षा
मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अविनाश कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने शांति समिति की बैठक कर पुलिस, प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक के बाद दोनों अधिकारियों ने अतरौली-रामघाट कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान जलभराव, सड़क की स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया तथा संबंधित अधिकारियों को कमियां तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए।
श्रावण मास और प्रमुख आयोजनों को लेकर विशेष तैयारी
बैठक में एडीएम सिटी किंशुक श्रीवास्तव ने बताया कि 30 जुलाई से श्रावण मास शुरू होगा। तीन अगस्त को पहला सोमवार और चेहल्लुम, 10 अगस्त को दूसरा सोमवार, 11 अगस्त को शिवरात्रि, 17 अगस्त को नाग पंचमी, 24 अगस्त को चौथा सोमवार तथा 26 अगस्त को बारावफात का आयोजन होगा। इन आयोजनों को देखते हुए सभी विभागों को समय रहते तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
मंदिरों से जुड़े आयोजकों ने रखीं व्यवस्थाओं की मांग
खेरेश्वर धाम, अचलेश्वर, भूमिया बाबा मंदिर और बिजौली के शिव मंदिर से जुड़े आयोजकों ने बैठक में प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, सुरक्षा और साफ-सफाई सुनिश्चित करने की मांग रखी। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव और डीजीपी स्वयं कांवड़ यात्रा की तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। ऐसे में सभी एसडीएम और सीओ अपने-अपने क्षेत्रों में कांवड़ मार्ग का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कार्य तत्काल पूरा कराएं।
सेक्टर स्कीम और रूट डायवर्जन रहेगा लागू
जिलाधिकारी ने कांवड़ यात्रा के लिए सेक्टर स्कीम लागू कर प्रत्येक विभाग की जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि डीजे संचालकों के साथ पहले से बैठक कर उन्हें प्रशासन की गाइडलाइन से अवगत कराया जाए।
इसके अलावा डाक कांवड़ यात्रा के सभी मार्गों को सूचीबद्ध कर प्रभावी रूट डायवर्जन लागू करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
