उत्तर प्रदेशलखनऊ

अग्निवीर भर्ती 2026: यूपी, हरियाणा और राजस्थान के युवाओं के लिए बड़ा मौका, जाट रेजीमेंट सेंटर में 6 से 13 अगस्त तक होगी भर्ती रैली

बरेली: भारतीय सेना ने अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए नई भर्ती रैली की घोषणा की है। उत्तर प्रदेश के बरेली स्थित जाट रेजीमेंट सेंटर में 6 अगस्त से 13 अगस्त 2026 तक यूनिट हेडक्वार्टर कोटा (यूएचक्यू) के तहत अग्निवीर सामान्य ड्यूटी, अग्निवीर ट्रेड्समैन, अग्निवीर लिपिक और अग्निवीर खिलाड़ी पदों के लिए भर्ती रैली आयोजित की जाएगी।

इन श्रेणियों के अभ्यर्थी ले सकेंगे हिस्सा

सेना के अधिकारियों के अनुसार यह भर्ती रैली युद्ध वीरांगनाओं के पुत्रों, जाट रेजीमेंट के सेवारत एवं भूतपूर्व सैनिकों के पुत्रों और सगे भाइयों, युद्ध के दौरान शहीद या घायल हुए सैनिकों के पुत्रों के लिए आयोजित की जाएगी। इसके अलावा अन्य रेजीमेंट के भूतपूर्व एवं सेवारत सैनिकों के पुत्र, भाई, कानूनी रूप से गोद लिए गए बच्चे तथा पात्र खिलाड़ी भी निर्धारित श्रेणियों के अनुसार भर्ती प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे।

सुबह 4 बजे तक पहुंचना होगा भर्ती स्थल

अभ्यर्थियों को सभी आवश्यक प्रमाण पत्र और दस्तावेजों के साथ सुबह 4 बजे तक जाट रेजीमेंट सेंटर के जाट गेट पर रिपोर्ट करना होगा। प्रारंभिक जांच के बाद ही भर्ती प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा। सेना ने स्पष्ट किया है कि सुबह 7 बजे के बाद पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को भर्ती रैली में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

मार्च भर्ती में 5,677 युवा हुए थे चयनित

सेना के अनुसार मार्च में बरेली भर्ती कार्यालय के अंतर्गत आने वाले 12 जिलों के 5,677 युवाओं ने विभिन्न चयन प्रक्रियाएं सफलतापूर्वक पूरी कर अग्निवीर बनने का अवसर प्राप्त किया था।

जानिए किस दिन किस वर्ग की होगी भर्ती

6 अगस्त को अग्निवीर स्पोर्ट्स और सामान्य ड्यूटी पदों के लिए उन खिलाड़ियों की भर्ती होगी, जिन्हें खेल परीक्षण के दौरान चयनित किया गया था। यह भर्ती उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान को छोड़कर अन्य राज्यों के पात्र अभ्यर्थियों के लिए होगी।

7 अगस्त को हरियाणा के अंबाला, भिवानी, फरीदाबाद, फतेहाबाद, गुरुग्राम, हिसार, रेवाड़ी, नूंह, चरखी दादरी, झज्जर, जींद, कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, महेंद्रगढ़, पलवल, पंचकूला, पानीपत, रोहतक, सिरसा, सोनीपत और यमुनानगर के अभ्यर्थियों के लिए अग्निवीर सामान्य ड्यूटी की भर्ती आयोजित होगी।

8 अगस्त को उत्तर प्रदेश के आगरा, अलीगढ़, प्रयागराज, अंबेडकर नगर, अमेठी, अमरोहा, औरैया, आजमगढ़, गोंडा, गोरखपुर, हमीरपुर, हरदोई, हाथरस, जौनपुर, झांसी, कन्नौज, कानपुर नगर, कासगंज, कौशाम्बी, लखीमपुर खीरी, कुशीनगर, ललितपुर, लखनऊ, महाराजगंज, महोबा, मैनपुरी, मऊ, मेरठ, चंदौली, चित्रकूट, देवरिया, एटा, इटावा, फैजाबाद, फर्रुखाबाद, फतेहपुर, फिरोजाबाद और गौतमबुद्ध नगर के अभ्यर्थी शामिल होंगे।

10 अगस्त को उत्तर प्रदेश के बागपत, बहराइच, बलिया, बलरामपुर, बांदा, बाराबंकी, बरेली, बस्ती, बदायूं, भदोही, बुलंदशहर, मिर्जापुर, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, जालौन, हापुड़, पीलीभीत, प्रतापगढ़, रामपुर, रायबरेली, सहारनपुर, संत कबीर नगर, शाहजहांपुर, गाजियाबाद, गाजीपुर, मथुरा, शामली, श्रावस्ती, सिद्धार्थनगर, सीतापुर, सोनभद्र, सुल्तानपुर, उन्नाव, वाराणसी, कानपुर देहात, बिजनौर और संभल के अभ्यर्थियों की भर्ती होगी।

11 अगस्त को राजस्थान के अजमेर, बांसवाड़ा, बारां, बाड़मेर, भरतपुर, भीलवाड़ा, बीकानेर, बूंदी, चित्तौड़गढ़, सवाई माधोपुर, सीकर, सिरोही, टोंक, उदयपुर, जोधपुर, अलवर और श्रीगंगानगर के अभ्यर्थी भर्ती रैली में भाग लेंगे।

12 अगस्त को सभी राज्यों के पात्र अभ्यर्थियों के लिए अग्निवीर ट्रेड्समैन पद की भर्ती होगी, जबकि 13 अगस्त को केवल जाट रेजीमेंट के लिए अग्निवीर लिपिक पद की भर्ती रैली आयोजित की जाएगी।