उत्तर प्रदेश

दिल्ली कूच पर यूपी गेट बना रणक्षेत्र! किसानों को पुलिस ने रोका, धक्का-मुक्की के बीच NH-9 और एक्सप्रेसवे पर लगा लंबा जाम

गाजियाबाद: दिल्ली कूच के लिए निकले किसान संगठनों को मंगलवार को गाजियाबाद के यूपी गेट पर पुलिस ने रोक दिया। बैरिकेडिंग और सघन चेकिंग के बीच किसानों ने आगे बढ़ने का प्रयास किया, जिस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की तथा नोकझोंक हुई। इस पूरी कार्रवाई के चलते एनएच-9 और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

सोमवार रात से ही पुलिस ने संभाल लिया था मोर्चा

दिल्ली में किसान घाट पर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन और दिल्ली कूच की घोषणा को देखते हुए गाजियाबाद पुलिस सोमवार रात से ही अलर्ट पर थी। यूपी गेट पर बैरिकेडिंग कर दिल्ली जाने वाले सभी वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी गई थी। जांच के बाद ही वाहनों को दिल्ली सीमा में प्रवेश दिया जा रहा था।

दिल्ली जाने पर अड़े किसान, पुलिस ने रोका

मंगलवार सुबह किसान संगठनों के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली की ओर बढ़ने का प्रयास किया, लेकिन यूपी गेट पर पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद किसान सड़क पर बैठ गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस और किसानों के बीच धक्का-मुक्की और कहासुनी भी हुई।

पुलिस ने दिल्ली जाने की जिद पर अड़े 60 से अधिक लोगों को हिरासत में लेकर इंदिरापुरम थाने भेज दिया। बाद में सभी को शाम के समय छोड़ दिया गया।

कई किसान संगठनों के कार्यकर्ताओं को रोका गया

सुबह करीब साढ़े नौ बजे पुलिस ने दिल्ली प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे राष्ट्रीय किसान संगठन (वीएन) के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की 10 गाड़ियों को रोक लिया। पुलिस ने उन्हें वापस लौटने के लिए कहा, लेकिन वे दिल्ली जाने की मांग पर अड़े रहे।

इसी तरह राष्ट्रीय किसान संगठन (अजगर) और भारतीय किसान यूनियन (सुनील ग्रुप) के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को भी दिल्ली सीमा में प्रवेश नहीं करने दिया गया।

दिनभर जाम से जूझते रहे लोग

यूपी गेट पर बैरिकेडिंग और लगातार चेकिंग के कारण मंगलवार सुबह से ही एनएच-9 और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सामान्य तौर पर 10 मिनट में तय होने वाला सफर कई लोगों के लिए आधे घंटे से एक घंटे तक का हो गया।

गर्मी और ट्रैफिक जाम के कारण यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। विरोध प्रदर्शन के दौरान कई एंबुलेंस भी जाम में फंस गईं, हालांकि पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें रास्ता दिलाया गया।

पुलिस ने दी कार्रवाई की जानकारी

एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे और एनएच-9 पर सघन चेकिंग अभियान चलाकर किसानों को दिल्ली में प्रवेश नहीं करने दिया गया। हिरासत में लिए गए सभी लोगों को देर शाम छोड़ दिया गया।