CM योगी का संभल दौरा बना विकास का बड़ा मंच, शिक्षा-स्वास्थ्य से परिवहन तक करोड़ों की सौगात; युवाओं को मिलेगा बड़ा फायदा
संभल: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 18 जुलाई को प्रस्तावित संभल दौरे के दौरान जिले को शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन क्षेत्र से जुड़ी कई बड़ी विकास परियोजनाओं की सौगात मिलने जा रही है। इस दौरान करोड़ों रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण होगा। इनमें तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, छात्राओं के लिए नए छात्रावास, राजकीय हाईस्कूल, आधुनिक जिला अस्पताल, नया बस स्टेशन और रोडवेज कार्यशाला जैसी परियोजनाएं शामिल हैं।
चंदौसी में बनेगा सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, युवाओं को मिलेगा आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण
मुख्यमंत्री राजकीय पॉलिटेक्निक चंदौसी में टाटा टेक्नोलॉजी लिमिटेड के सहयोग से 7.068 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इस परियोजना के शुरू होने से विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण, उद्योग आधारित कौशल विकास और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।
तीन नए कस्तूरबा छात्रावास और दो राजकीय हाईस्कूल होंगे समर्पित
बालिका शिक्षा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से संभल, बहजोई और चंदौसी में 3.190 करोड़ रुपये प्रति छात्रावास की लागत से बनाए गए कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावासों का लोकार्पण भी मुख्यमंत्री करेंगे। इन छात्रावासों से दूरदराज की छात्राओं को सुरक्षित आवासीय सुविधा के साथ बेहतर शैक्षिक वातावरण मिलेगा।
इसके अलावा असालत नगर जारई और सैंजनी में 1.328 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नए राजकीय हाईस्कूलों का भी लोकार्पण किया जाएगा। इन विद्यालयों के शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर शिक्षा की सुविधा उपलब्ध होगी।
100 बेड के आधुनिक जिला अस्पताल का होगा शुभारंभ
मुख्यमंत्री बहजोई में 63.250 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 100 शैय्या वाले अत्याधुनिक जिला चिकित्सालय भवन के निर्माण कार्य का भी शुभारंभ करेंगे। यह अस्पताल आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से लैस होगा और जिले के मरीजों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएगा।
चंदौसी में नया बस स्टेशन और संभल में रोडवेज कार्यशाला बनेगी
दौरे के दौरान चंदौसी तहसील में 5.546 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नए बस स्टेशन का भी शिलान्यास किया जाएगा। इसके बनने से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
इसके साथ ही संभल में उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की 13.890 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली आधुनिक डिपो कार्यशाला का भी शिलान्यास होगा। इससे रोडवेज बसों के रखरखाव और मरम्मत की व्यवस्था बेहतर होगी तथा परिवहन सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार आएगा।
प्रशासन ने तैयारियां कीं अंतिम चरण में पूरी
जिला प्रशासन के अनुसार मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। अधिकारियों द्वारा कार्यक्रम स्थलों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि कार्यक्रम का सफल आयोजन सुनिश्चित किया जा सके।
