सावन में बाबा बैद्यनाथ जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत, 26 जुलाई से रांची-सुलतानगंज के बीच चलेंगी 4 स्पेशल ट्रेनें
धनबाद: सावन महीने में बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है। यात्रियों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए रांची से भागलपुर के बीच दो जोड़ी सावन स्पेशल ट्रेनों के संचालन की घोषणा की गई है। ये चारों स्पेशल ट्रेनें 26 जुलाई से सेवा शुरू करेंगी और सभी ट्रेनों का ठहराव कांवरियों की सुविधा के लिए सुलतानगंज स्टेशन पर होगा।
सप्ताह में दो-दो दिन चलेगी दोनों जोड़ी स्पेशल ट्रेनें
रेलवे के अनुसार, दोनों जोड़ी सावन स्पेशल ट्रेनें सप्ताह में दो-दो दिन दोनों दिशाओं में संचालित की जाएंगी। इनमें एक जोड़ी ट्रेन बोकारो, चंद्रपुरा, गोमो, कोडरमा, तिलैया और नवादा होकर चलेगी, जबकि दूसरी जोड़ी रांची से बरकाकाना और हजारीबाग टाउन के रास्ते भागलपुर पहुंचेगी।
पहली जोड़ी का संचालन इस तरह होगा
08690 रांची-भागलपुर सावन स्पेशल 26 जुलाई से 9 सितंबर तक प्रत्येक रविवार और बुधवार को चलेगी। यह ट्रेन रांची से शाम 5:40 बजे रवाना होकर रात 8:25 बजे बोकारो, 8:58 बजे चंद्रपुरा और 9:25 बजे गोमो पहुंचेगी। इसके बाद कोडरमा, तिलैया और जमालपुर होते हुए अगले दिन सुबह 5:25 बजे सुलतानगंज तथा सुबह 6:30 बजे भागलपुर पहुंचेगी।
वहीं, 08689 भागलपुर-रांची सावन स्पेशल 27 जुलाई से 10 सितंबर तक प्रत्येक सोमवार और गुरुवार को संचालित होगी। यह ट्रेन भागलपुर से सुबह 9:10 बजे रवाना होगी।
दूसरी जोड़ी भी 27 जुलाई से शुरू होगी
08646 रांची-भागलपुर सावन स्पेशल 27 जुलाई से 11 सितंबर तक प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को चलेगी। यह ट्रेन रांची से शाम 5:30 बजे प्रस्थान कर अगले दिन सुबह 6:30 बजे भागलपुर पहुंचेगी।
इसी तरह 08645 भागलपुर-रांची सावन स्पेशल 28 जुलाई से 12 सितंबर तक प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को चलेगी। यह ट्रेन भागलपुर से सुबह 9:10 बजे रवाना होकर रात 9:40 बजे रांची पहुंचेगी।
कांवरियों को मिलेगा सीधा लाभ
रेलवे का कहना है कि सावन के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी स्पेशल ट्रेनों का ठहराव सुलतानगंज स्टेशन पर रखा गया है, जिससे कांवर यात्रा करने वाले यात्रियों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी।
