CM नायब सैनी 18 जुलाई को करेंगे 600 से ज्यादा थाना प्रभारियों से सीधा संवाद, करनाल में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
करनाल: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 18 जुलाई को मधुबन स्थित हरियाणा पुलिस अकादमी में प्रदेशभर के 600 से अधिक थाना प्रभारियों के साथ संवाद करेंगे। इस कार्यक्रम का उद्देश्य कम्यूनिटी पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाना तथा पुलिस अधिकारियों से सीधे संवाद के जरिए पुलिस व्यवस्था को मजबूत करना है।
600 से अधिक महिला और पुरुष थाना प्रभारी होंगे शामिल
संवाद कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से 600 से अधिक महिला एवं पुरुष थाना प्रभारी भाग लेंगे। मुख्यमंत्री पुलिस अधिकारियों से सीधे संवाद कर कानून-व्यवस्था, जनसंपर्क और कम्यूनिटी पुलिसिंग को लेकर विचार साझा करेंगे। कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर भी चर्चा होगी।
सुरक्षा के लिए कार्यक्रम स्थल के आसपास रेड जोन घोषित
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए करनाल जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और वीवीआईपी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिलाधीश डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 और ड्रोन नियम, 2021 के तहत आवश्यक आदेश जारी किए हैं।
ड्रोन और यूएवी उड़ाने पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध
प्रशासन के आदेशों के अनुसार मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल और उसके आसपास एक किलोमीटर के दायरे को अस्थायी रूप से रेड जोन घोषित किया गया है। इस क्षेत्र में ड्रोन, मानवरहित हवाई वाहन (यूएवी) और किसी भी प्रकार की उड़ने वाली वस्तु के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
उल्लंघन करने वालों पर होगी कानूनी कार्रवाई
जारी आदेशों में स्पष्ट किया गया है कि प्रतिबंधित क्षेत्र में यदि कोई व्यक्ति ड्रोन या अन्य उड़ने वाली वस्तु का संचालन करता हुआ पाया जाता है या आदेशों का उल्लंघन करता है, तो उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 223 के तहत नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह प्रतिबंध 17 और 18 जुलाई को सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक प्रभावी रहेगा।
