झारखंड

भालू से 7 मिनट तक लड़ती रही मुक्ता, कुल्हाड़ी से किया पलटवार; गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

चाईबासा: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र में एक युवती ने मौत को मात देते हुए भालू से बहादुरी के साथ मुकाबला किया। बुरूबलजोडी (सरहसोया) जंगल में शौच के लिए गई 22 वर्षीय मुक्ता गागराई पर अचानक भालू ने हमला कर दिया। हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई, लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी और आखिरकार कुल्हाड़ी से पलटवार कर अपनी जान बचा ली।

जंगल में अचानक हुआ हमला

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार अहले सुबह मुक्ता गागराई गांव के पास स्थित जंगल की ओर शौच के लिए गई थी। इसी दौरान झाड़ियों से निकले भालू ने उस पर अचानक हमला बोल दिया। भालू ने युवती के सिर, चेहरे, कान, सीने और हाथ समेत शरीर के कई हिस्सों को बुरी तरह नोच डाला।

सात मिनट तक चली जिंदगी और मौत की जंग

हमले के बावजूद मुक्ता ने साहस नहीं छोड़ा। करीब सात मिनट तक भालू और युवती के बीच संघर्ष चलता रहा। इस दौरान भालू लगातार हमला करता रहा और मुक्ता गंभीर रूप से घायल हो गई। आखिरकार अपने साथ मौजूद कुल्हाड़ी से उसने भालू पर जोरदार वार किया। पलटवार होते ही भालू जंगल की ओर भाग निकला।

चीख सुन दौड़े ग्रामीण, तुरंत अस्पताल पहुंचाया

महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक वह बुरी तरह घायल हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही पंचायत मुखिया अनिता कोड़ा मौके पर पहुंचीं और बिना देर किए निजी वाहन से घायल मुक्ता को सदर अस्पताल चाईबासा पहुंचाया।

अस्पताल में गंभीर हालत, गांव में दहशत

सदर अस्पताल में मुक्ता गागराई का इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से जंगल क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।