उत्तर प्रदेशलखनऊ

UP के होमगार्डों को योगी सरकार का बड़ा तोहफा, अब 5 लाख रुपये तक मिलेगा कैशलेस इलाज का लाभ

गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश में होमगार्डों के लिए सरकार ने बड़ी घोषणा की है। अब प्रदेश के होमगार्डों को 5 लाख रुपये तक का कैशलेस मेडिकल बीमा उपलब्ध कराया जाएगा। राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार नागरिक सुरक्षा एवं होमगार्ड विभाग धर्मवीर प्रजापति ने सोमवार को गाजियाबाद के हिंदी भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान इसकी जानकारी दी।

हर जिले में खुले सिविल डिफेंस कार्यालय
राज्यमंत्री धर्मवीर प्रजापति ने बताया कि उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में अब सिविल डिफेंस के कार्यालय शुरू हो चुके हैं। इन कार्यालयों के जरिए सिविल डिफेंस के स्वयंसेवक जिला प्रशासन और पुलिस के साथ बेहतर तालमेल बनाकर आपात परिस्थितियों में लोगों की सहायता कर सकेंगे।

उन्होंने कहा कि होमगार्डों के लिए कैशलेस मेडिकल बीमा की व्यवस्था की गई है, जिससे उन्हें इलाज के दौरान आर्थिक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। इस योजना के तहत होमगार्डों को 5 लाख रुपये तक के इलाज की सुविधा मिलेगी।

जेल व्यवस्था में किए गए बदलाव का भी किया जिक्र
कार्यक्रम में धर्मवीर प्रजापति ने अपने कारागार मंत्री रहते हुए किए गए कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि अंग्रेजों के समय से चले आ रहे जेल मैनुअल में बदलाव किया गया था। इसके अलावा जेलों में रहने वाली कैदी महिलाओं के बच्चों की शिक्षा के लिए शिक्षकों की व्यवस्था की गई।

उन्होंने कहा कि कैदियों के साथ संवाद स्थापित कर उनके भविष्य को बेहतर बनाने की दिशा में काम किया गया। वहीं, जुर्माने की राशि जमा न कर पाने के कारण जेल में बंद 6 हजार से अधिक कैदियों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर रिहा कराया गया।

होमगार्ड और सिविल डिफेंस कर्मियों की समस्याओं पर फोकस
राज्यमंत्री ने कहा कि सिविल डिफेंस और होमगार्ड विभाग का स्वतंत्र प्रभार मिलने के बाद लगातार कर्मियों और स्वयंसेवकों से संवाद किया जा रहा है। उनकी समस्याओं को समझकर समाधान की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान सिविल डिफेंस के स्वयंसेवकों से संवाद करते हुए उन्हें पुलिस और प्रशासन के साथ मिलकर आम लोगों की सहायता करने के लिए आवश्यक सुझाव दिए गए। बेहतर कार्य करने वाले सिविल डिफेंस पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों को सम्मानित भी किया गया।