उत्तर प्रदेशलखनऊ

योगी कैबिनेट का बड़ा तोहफा! यूपी के होमगार्डों और आश्रितों को मिलेगा 5 लाख रुपये तक मुफ्त कैशलेस इलाज

लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने होमगार्ड स्वयंसेवकों और उनके परिवारों के लिए बड़ी राहत का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में होमगार्ड स्वयंसेवकों और उनके आश्रितों को 5 लाख रुपये तक की कैशलेस उपचार सुविधा देने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। इस फैसले से प्रदेश के हजारों होमगार्ड कर्मियों को स्वास्थ्य सुरक्षा का बड़ा लाभ मिलेगा।

अवैतनिक अधिकारियों को भी मिलेगा योजना का लाभ

कैबिनेट से मंजूर प्रस्ताव के अनुसार होमगार्ड विभाग में तैनात अवैतनिक अधिकारियों को भी इस कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा के दायरे में शामिल किया गया है। सरकार का उद्देश्य होमगार्ड संगठन से जुड़े सभी पात्र कर्मियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

1.14 लाख से अधिक हो जाएगी होमगार्डों की संख्या

वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि प्रदेश में होमगार्ड स्वयंसेवकों के 1,18,348 पद स्वीकृत हैं। वर्तमान में 73,421 होमगार्ड तैनात हैं, जबकि 41,424 नए होमगार्ड स्वयंसेवकों की भर्ती प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इसके बाद प्रदेश में होमगार्डों की कुल संख्या 1.14 लाख से अधिक हो जाएगी।

साचीज करेगा योजना का संचालन

सरकार के अनुसार इस योजना का संचालन राज्य व्यापक स्वास्थ्य एवं एकीकृत सेवा एजेंसी (साचीज) के माध्यम से किया जाएगा। योजना लागू होने के बाद पात्र होमगार्ड स्वयंसेवकों और उनके आश्रितों को निर्धारित सीमा तक कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

हर साल 35.50 करोड़ रुपये खर्च करेगी सरकार

इस स्वास्थ्य योजना के संचालन पर राज्य सरकार को प्रतिवर्ष लगभग 35.50 करोड़ रुपये खर्च करने होंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 6 दिसंबर 2025 को होमगार्ड्स दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में इस योजना को लागू करने की घोषणा की थी, जिसे अब कैबिनेट की मंजूरी मिल गई है।