मध्य प्रदेश

एमपी में मौसम का कहर: बिजली गिरने से भाई-बहन की मौत, कई जिलों में आंधी-बारिश और ओलों का ऑरेंज अलर्ट

मध्य प्रदेश में बदलते मौसम ने चिंता बढ़ा दी है। राज्य के कई जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। इसी बीच रीवा जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां आकाशीय बिजली गिरने से एक ही परिवार के दो बच्चों की मौत हो गई। हादसा शनिवार सुबह उस समय हुआ, जब दोनों भाई-बहन जंगल में महुआ बीनने गए थे।

रीवा में दर्दनाक हादसा, शादी से पहले उजड़ा घर
रीवा जिले के सेमरिया क्षेत्र के डोरी जंगल में यह हादसा हुआ। ग्राम हरदिया निवासी राजन कोल और उनकी बहन सविता पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सविता की शादी इसी महीने 30 तारीख को होनी थी। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

इन जिलों में ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए नीमच, मुरैना, श्योपुर, सतना, कटनी, पन्ना, दमोह और मैहर जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बौछारों के साथ कहीं-कहीं ओले गिरने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।

कई जिलों में येलो अलर्ट, गरज-चमक के साथ बारिश
भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर, मंदसौर, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी और पांढुर्णा जिलों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

तेज हवाओं की चेतावनी, 50 किमी तक पहुंचेगी रफ्तार
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि खराब मौसम के दौरान कई इलाकों में हवाएं 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। झाबुआ जिले में हवा की गति अपेक्षाकृत कम रहेगी, लेकिन वहां भी गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।

बीते 24 घंटे: कई संभागों में बारिश दर्ज
पिछले 24 घंटों के दौरान भोपाल और इंदौर संभाग के कुछ हिस्सों में बारिश हुई, जबकि नर्मदापुरम, रीवा, जबलपुर और सागर संभाग में भी कई स्थानों पर वर्षा दर्ज की गई। अन्य क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहा। मंडला में अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस और राजगढ़ में न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

8 अप्रैल तक ऐसा ही रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में 8 अप्रैल तक इसी तरह का मौसम बना रह सकता है। इस दौरान अलग-अलग क्षेत्रों में गरज-चमक, तेज हवाएं और हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में भी इसी तरह का मौसम देखने को मिल सकता है।