हरियाणा

17 जुलाई को दौड़ेगी देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन, 50 स्कूली छात्रों को मिलेगा सफर का मौका; जानिए कैसे होगा चयन

जींद: देश को 17 जुलाई को पहली हाइड्रोजन ट्रेन की सौगात मिलने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस दिन जींद और नरवाना में नवनिर्मित अमृत भारत स्टेशनों का उद्घाटन करेंगे और पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके साथ ही वह हरियाणा की कई अन्य विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे। प्रधानमंत्री के सुबह 10 बजे जींद पहुंचने का कार्यक्रम है।

इस ऐतिहासिक अवसर को यादगार बनाने के लिए उत्तर रेलवे ने विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने की तैयारी की है। रेलवे ने जींद खंड शिक्षा अधिकारी को पत्र भेजकर पांच स्कूलों में ड्राइंग और निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित कराने का अनुरोध किया है। इन प्रतियोगिताओं में सातवीं और आठवीं कक्षा के छात्र-छात्राएं हिस्सा लेंगे।

ऐसे होगा 50 छात्रों का चयन

रेलवे की ओर से प्रतियोगिताओं के लिए ‘मेरा विकसित स्टेशन कैसा हो’ और ‘विकसित भारत के निर्माण में मेरा योगदान’ विषय निर्धारित किए गए हैं। प्रतियोगिता में चयनित और विजेता विद्यार्थियों को प्रधानमंत्री के उद्घाटन समारोह में सम्मानित किया जाएगा।

इसी प्रक्रिया के तहत 50 स्कूली विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा, जिन्हें उद्घाटन के बाद देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन में जींद से सोनीपत तक यात्रा करने का अवसर मिलेगा। सभी छात्र उसी ट्रेन से वापस जींद लौटेंगे।

शिक्षकों की निगरानी में होगी यात्रा

विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उनके साथ शिक्षकों का एक दल भी यात्रा करेगा। जींद खंड शिक्षा अधिकारी सरोज श्योकंद ने बताया कि रेलवे की ओर से इस संबंध में पत्र प्राप्त हुआ है और उसी के अनुसार आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

रैली और कार्यक्रम की तैयारियां तेज

प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन और संगठन स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए मंत्री, विधायक और पार्टी संगठन लगातार बैठकों में जुटे हैं। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता पदाधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा कर रही हैं। संगठन की ओर से राज्यसभा सदस्य संजय भाटिया को रैली का संयोजक बनाया गया है, जबकि सरकार की तरफ से मंत्री कृष्ण बेदी और विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण मिड्ढा तैयारियों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। कार्यक्रम को पर्यावरण अनुकूल बनाने का भी निर्णय लिया गया है।