Friday, April 17, 2026
उत्तराखंड

चारधाम यात्रा को लेकर सख्त ट्रैफिक प्लान लागू, हरिद्वार में भारी वाहनों की एंट्री पर रोक; रूट डायवर्जन की पूरी व्यवस्था तैयार

हरिद्वार। चारधाम यात्रा के दौरान बढ़ने वाली भीड़ और यातायात दबाव को नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक ट्रैफिक प्लान लागू कर दिया है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शहर में वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित करने के लिए कई अहम बदलाव किए गए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के मुताबिक, जैसे ही शहर में यातायात दबाव बढ़ेगा, भारी वाहनों को हरिद्वार में प्रवेश से पहले ही बॉर्डर पर रोक दिया जाएगा। नगला इमरती से ऐसे वाहनों को डायवर्ट कर बैरागी कैंप पार्किंग और होल्डिंग एरिया में रोका जाएगा, जहां से उन्हें चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा।

होल्डिंग एरिया और डायवर्जन की विशेष व्यवस्था
सामान्य परिस्थितियों में चमगादड़ टापू को होल्डिंग एरिया के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा। यहां अलग-अलग सेक्टर बनाकर एंट्री और एग्जिट के लिए अलग मार्ग निर्धारित किए जाएंगे, जिससे ट्रैफिक का दबाव नियंत्रित किया जा सके।

शहर में ट्रैफिक कम करने के लिए वैकल्पिक मार्ग
चीला मार्ग को ऋषिकेश की ओर से केवल निकासी मार्ग के रूप में उपयोग किया जाएगा। वहीं, गुरुकुल कांगड़ी सर्विस लेन से सिंहद्वार होते हुए शंकराचार्य चौक की ओर वाहनों को भेजकर शहर के भीतर ट्रैफिक दबाव कम करने की योजना बनाई गई है।

टोल प्लाजा पर अधिक दबाव होने की स्थिति में नहर पटरी को निकासी मार्ग के तौर पर इस्तेमाल किया जाएगा। इसके अलावा देहरादून और ऋषिकेश जाने वाली निजी बसों को जरूरत पड़ने पर मोहंड मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा।

इन रूट्स से पहुंचे हरिद्वार
दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर और पंजाब से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए नारसन, मंगलौर, कोर कॉलेज और गुरुकुल कांगड़ी होते हुए हरिद्वार पहुंचने का मार्ग निर्धारित किया गया है। यदि दबाव अधिक होता है, तो वाहनों को लक्सर, फेरूपुर और जगजीतपुर के रास्ते बैरागी कैंप पार्किंग की ओर मोड़ा जाएगा।

सहारनपुर-बिहारीगढ़-मोहंड मार्ग के जरिए भी वैकल्पिक डायवर्जन प्लान तैयार किया गया है।

छोटे और बड़े वाहनों के लिए अलग व्यवस्था
मुरादाबाद और नजीबाबाद की ओर से आने वाले छोटे वाहनों को चिड़ियापुर, श्यामपुर और चंडी चौकी मार्ग से भेजा जाएगा। वहीं बड़े वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही रोका जाएगा।

देहरादून और ऋषिकेश से आने वाले वाहनों के लिए नेपाली फार्म और रायवाला मार्ग तय किया गया है।

ऑटो और विक्रम संचालन पर भी नियंत्रण
यातायात दबाव बढ़ने की स्थिति में ऑटो और विक्रम को जयराम मोड़ तक ही सीमित किया जाएगा। इसके साथ ही ललतारो पुल से शिवमूर्ति तक सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह पूरी व्यवस्था चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लागू की गई है, जिसमें आम जनता के सहयोग की अपेक्षा की गई है।