उत्तर प्रदेश

दिल्ली से यूपी-बिहार तक भीषण गर्मी का प्रकोप, अगले 48 घंटे में कई राज्यों में बदलेगा मौसम; IMD ने जारी किया अलर्ट

नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में इन दिनों भीषण गर्मी लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत उत्तर भारत के बड़े हिस्से तेज धूप और लू की चपेट में हैं। इस बीच भारतीय मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि आने वाले दिनों में हालात और गंभीर हो सकते हैं, हालांकि दो दिनों के भीतर कई राज्यों में मौसम बदलने और बारिश होने के संकेत भी मिले हैं।

मौसम विभाग के अनुसार महाराष्ट्र के कई इलाकों में भी लू का असर तेज होने वाला है। इसे देखते हुए राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र ने लोगों से सतर्क रहने और जरूरी सावधानियां बरतने की अपील की है।

महाराष्ट्र में बढ़ेगा तापमान, कई हिस्सों में लू का खतरा
पूर्वानुमान के मुताबिक मध्य महाराष्ट्र में 15 से 18 अप्रैल, मराठवाड़ा में 16 से 18 अप्रैल, विदर्भ में 15 से 19 अप्रैल और कोंकण के कुछ हिस्सों में 15 से 17 अप्रैल के बीच तेज गर्मी और उमस भरा मौसम रहने की संभावना है। इन इलाकों में तापमान में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की जा सकती है।

नागरिकों को सावधानी बरतने की सलाह
मौसम विभाग और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे लू के दौरान सुरक्षा दिशा-निर्देशों का पालन करें। खासतौर पर दोपहर के समय बाहर निकलने से बचें और पर्याप्त पानी पीते रहें। इससे पहले जारी बुलेटिन में भी देश के कई हिस्सों के लिए गर्म और उमस भरे मौसम की चेतावनी दी गई थी।

15 से 20 अप्रैल तक कई राज्यों में लू का असर
मौसम विभाग के अनुसार 15 से 20 अप्रैल के बीच तेलंगाना, रायलसीमा, मध्य महाराष्ट्र, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, मराठवाड़ा, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिमी राजस्थान और झारखंड के कई इलाकों में लू चलने की प्रबल संभावना है। इन क्षेत्रों में अलग-अलग समय पर लू का प्रभाव चरम पर पहुंच सकता है।

पूर्वोत्तर भारत में बारिश और आंधी-तूफान के आसार
जहां एक ओर देश का बड़ा हिस्सा गर्मी से जूझ रहा है, वहीं पूर्वोत्तर भारत में मौसम राहत देने वाला रह सकता है। मौसम विभाग ने 15 से 18 अप्रैल के बीच असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में गरज-चमक, तेज हवाओं और बिजली गिरने के साथ हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश की भी संभावना है।