प्यार, साजिश और पति की हत्या का सनसनीखेज खुलासा, पत्नी-प्रेमी की खौफनाक साजिश बेनकाब, बीमारी ठीक करने के बहाने रची गई वारदात
आलीराजपुर: मध्य प्रदेश के आलीराजपुर जिले में एक ब्लाइंड मर्डर केस ने पूरे इलाके को दहला दिया है। बखतगढ़ थाना क्षेत्र के छकतला चौकी इलाके में सामने आए इस मामले में जिस मौत को अब तक सामान्य माना जा रहा था, पुलिस जांच में वही एक सुनियोजित हत्या साबित हुई। इस सनसनीखेज वारदात में पत्नी, उसके प्रेमी और एक अन्य आरोपी की भूमिका सामने आई है, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
इलाज के बहाने घर में बना रिश्ता, फिर रची गई साजिश
मृतक उदिया की पत्नी बड़दी का पिछले दो वर्षों से अजान रावत के साथ प्रेम संबंध चल रहा था। बताया जा रहा है कि अजान रावत बीमारी ठीक करने के बहाने अक्सर घर आता-जाता था, और इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ती चली गईं।
खाट पर मिली लाश से शुरू हुआ शक, पोस्टमार्टम ने खोला राज
10 मई 2026 की सुबह उदिया का शव खाट पर मिला था, जिसे शुरुआत में सामान्य मौत माना गया। लेकिन शरीर पर मिले संदिग्ध निशानों ने पुलिस को शक में डाल दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद सामने आया कि यह प्राकृतिक मौत नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या थी।
रस्सी से गला घोंटकर की गई हत्या, फिर सामान्य मौत दिखाने की कोशिश
पुलिस के अनुसार पत्नी बड़दी ने अपने प्रेमी अजान रावत और उसके साथी राहुल के साथ मिलकर रस्सी से गला घोंटकर उदिया की हत्या की। वारदात को छुपाने और इसे सामान्य मौत दिखाने की कोशिश भी की गई, लेकिन जांच के दौरान परत-दर-परत सच सामने आता गया।
पूछताछ में कबूल किया जुर्म, तीन आरोपी गिरफ्तार
छकतला चौकी पुलिस ने जांच के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।
इलाज के नाम पर घर में बढ़ती नजदीकियां बनी हत्या की वजह
जांच में यह भी सामने आया कि अजान रावत इलाज के बहाने लगातार घर आता था, और इसी दौरान प्रेम-प्रसंग गहराता गया। पुलिस का कहना है कि इसी अवैध संबंध और साजिश ने एक व्यक्ति की जान ले ली।
