फरीदकोट में घर पर हमला और फायरिंग से सनसनी, 6 लोगों पर केस दर्ज; पुरानी रंजिश बताई जा रही वजह
फरीदकोट: पंजाब के फरीदकोट में घर पर हमला कर फायरिंग करने का मामला सामने आया है। थाना सिटी फरीदकोट पुलिस ने शिकायत के आधार पर 6 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि हमलावरों ने घर पर ईंट-पत्थर फेंके और जान से मारने की नीयत से कई राउंड फायरिंग की।
पुलिस को दी शिकायत में बलवीर बस्ती गली नंबर 9 खब्बे निवासी लवप्रीत सिंह ने बताया कि वह तलवंडी भाई में कुरियर का काम करता है। उसने कहा कि 23 मई की रात वह अपने घर की छत पर अपने एक दोस्त के साथ बैठा था। इसी दौरान उसे गुरसाहिब सिंह का फोन आया, जिसने कथित तौर पर धमकी देते हुए कहा कि “आज तुझे देखना ही देखना है।”
घर के बाहर पहुंचकर किया हमला
शिकायतकर्ता के मुताबिक, कुछ देर बाद गुरसाहिब सिंह, करणवीर सिंह, हरमन सिंह, विशाल, मनी सिंह और सागर उसके घर के बाहर पहुंच गए। आरोप है कि सभी ने मिलकर घर पर ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए।
लवप्रीत सिंह ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उसे जान से मारने की नीयत से उसके घर की तरफ करीब 8 से 10 राउंड फायरिंग भी की। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
मौके से बरामद हुए ईंटों के टुकड़े
पुलिस ने घटनास्थल से दो ईंटों के टुकड़े बरामद किए हैं। मामले की जांच कर रही पुलिस टीम आसपास के साक्ष्य और अन्य तथ्यों को जुटाने में लगी हुई है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उसने एक युवती के साथ प्रेम विवाह किया था। आरोप है कि शादी के बाद युवती की बातचीत हरमन सिंह के साथ होने लगी थी। इसी विवाद और पुरानी रंजिश के चलते उस पर हमला किया गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
इस मामले में सहायक थाना प्रभारी तेज सिंह की ओर से सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
