उत्तर प्रदेश

Saharanpur Accident: निर्माणाधीन पुल पर सो रहे मजदूरों पर पलटा गिट्टी भरा ट्रक, तीन की मौत, दो गंभीर

सहारनपुर जिले में गुरुवार देर रात दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां निर्माणाधीन पुल के पास सो रहे मजदूरों पर गिट्टी से भरा ट्रक पलट गया। हादसा थाना नागल क्षेत्र में रात करीब दो बजे हुआ। इस दुर्घटना में तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

निर्माण कार्य के दौरान हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गिट्टी से लदा ट्रक थाना मिर्जापुर क्षेत्र से खेडामुगल की ओर निर्माणाधीन सड़क के लिए सामग्री लेकर जा रहा था। इसी दौरान थाना नागल क्षेत्र में बन रहे पुल के पास ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक में भरी गिट्टी सड़क पर फैल गई और पास ही टिन शेड के नीचे सो रहे मजदूर उसकी चपेट में आ गए।

रेस्क्यू ऑपरेशन में निकाले गए मजदूर

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा। गिट्टी के नीचे दबे मजदूरों को निकालने के लिए तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। सभी घायलों को बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

अस्पताल पहुंचने से पहले तीन की मौत

अस्पताल ले जाते समय तीन मजदूरों ने दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।

ड्राइवर फरार, तलाश जारी

हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक के दस्तावेजों की जांच की, जो सही पाए गए हैं। फिलहाल फरार चालक की तलाश के लिए पुलिस टीमें जुटी हुई हैं।

मृतकों और घायलों की पहचान

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान थाना मिर्जापुर क्षेत्र के गांव जाटों वाला निवासी असगर पुत्र निकी, इस्तकार पुत्र अशफाक और शौकीन पुत्र हारून के रूप में हुई है। वहीं घायलों में गुलफाम पुत्र नूर हसन और कर्मवीर पुत्र राज शामिल हैं, जो सहारनपुर के मिर्जापुर क्षेत्र के ही निवासी बताए जा रहे हैं।