ऋषिकेश बाईपास को मिली बड़ी मंजूरी, 1105 करोड़ से बनेगा 4-लेन हाईवे; ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत
देहरादून। उत्तराखंड में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूती देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों के चलते ऋषिकेश बाईपास के 4-लेन निर्माण को केंद्र सरकार से स्वीकृति मिल गई है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने इस परियोजना के लिए 1105.79 करोड़ रुपये की तकनीकी, प्रशासनिक और वित्तीय मंजूरी जारी कर दी है।
12.67 किलोमीटर लंबा होगा बाईपास
यह बहुप्रतीक्षित परियोजना राष्ट्रीय राजमार्ग-7 पर टीनपानी फ्लाईओवर (किमी 529.750) से खरासोटे पुल (किमी 542.420) तक विकसित की जाएगी। करीब 12.670 किलोमीटर लंबा यह बाईपास भट्टोवाला और ढालवाला गांवों से होकर गुजरेगा। परियोजना को ईपीसी (इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एवं कंस्ट्रक्शन) मोड पर पूरा किया जाएगा।
तीन साल में पूरा करने का लक्ष्य
मंत्रालय के अनुसार, इस परियोजना को तीन वर्षों के भीतर पूरा किया जाएगा। कार्य के दौरान लागत या समय सीमा में किसी प्रकार की वृद्धि स्वीकार नहीं की जाएगी। इसके लिए ई-टेंडरिंग प्रक्रिया के माध्यम से निविदाएं आमंत्रित की जाएंगी और सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार किए जाएंगे।
यातायात और पर्यटन को मिलेगा बड़ा फायदा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से ऋषिकेश क्षेत्र में ट्रैफिक का दबाव कम होगा और जाम की समस्या से राहत मिलेगी। साथ ही चारधाम यात्रा और पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने इसे राज्य के समग्र विकास और बेहतर कनेक्टिविटी की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
संशोधित लागत के बाद मिली अंतिम मंजूरी
परियोजना की प्रारंभिक अनुमानित लागत 1151.18 करोड़ रुपये थी, जिसे संशोधित कर 1139.40 करोड़ किया गया और अंततः 1105.79 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई। इस परियोजना पर खर्च वित्त वर्ष 2025-26 के बजट प्रावधान के तहत किया जाएगा।
स्थानीय विकास को मिलेगी नई रफ्तार
परियोजना के पूर्ण होने के बाद न केवल यातायात व्यवस्था सुगम होगी, बल्कि क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था और पर्यटन को भी नई गति मिलेगी। इससे स्थानीय लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी और राज्य के विकास को मजबूती मिलेगी।
