महिलाओं की सुरक्षा पर पंजाब पुलिस का बड़ा दावा, हेल्प डेस्क पर पहुंचीं 2.31 लाख से ज्यादा शिकायतें; 74.8% मामलों का निस्तारण
चंडीगढ़: पंजाब में महिलाओं और बच्चों के खिलाफ होने वाले अपराधों की शिकायतों के निस्तारण के लिए स्थापित महिला हेल्प डेस्क पर अब तक 2.31 लाख से अधिक शिकायतें दर्ज की गई हैं। राज्य सरकार के अनुसार, सभी पुलिस थानों में संचालित इस व्यवस्था के जरिए बड़ी संख्या में मामलों का संवेदनशील तरीके से निस्तारण किया गया है।
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, राज्य के 424 पुलिस थानों, जिनमें 39 विशेष उद्देश्य वाले थाने भी शामिल हैं, में महिला हेल्प डेस्क संचालित की जा रही हैं। इन हेल्प डेस्क पर अब तक महिलाओं और बच्चों से जुड़े अपराधों की कुल 2,31,677 शिकायतें प्राप्त हुई हैं।
424 थानों में तैनात हैं 848 महिला मित्र
पंजाब पुलिस ने जेंडर सेंसिटिव पुलिसिंग को मजबूत करने के लिए सभी 424 पुलिस थानों में 848 ‘पंजाब पुलिस महिला मित्र’ तैनात की हैं। इनकी जिम्मेदारी महिलाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों से जुड़ी शिकायतों का संवेदनशील तरीके से निस्तारण करना और पीड़ितों का पुलिस पर भरोसा मजबूत करना है।
पीजीडी पोर्टल पर दर्ज हुए 1.33 लाख से अधिक मामले
आंकड़ों के अनुसार, 1 जनवरी 2023 से 30 जून 2026 के बीच पंजाब ग्रीवेंस डिस्पोजल (पीजीडी) पोर्टल पर महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों से संबंधित 1,33,152 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से 99,692 शिकायतों का निस्तारण महिला मित्रों द्वारा किया गया, जो कुल मामलों का 74.8 प्रतिशत है।
महिलाओं के लिए अधिक संवेदनशील बनाने का दावा
पंजाब पुलिस का कहना है कि महिला हेल्प डेस्क की स्थापना के बाद पुलिस थानों का माहौल महिलाओं के लिए पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित, संवेदनशील और सुलभ हुआ है। इस पहल का उद्देश्य पीड़ित महिलाओं और बच्चों को आसानी से शिकायत दर्ज कराने और समयबद्ध सहायता उपलब्ध कराना है।
