उत्तर प्रदेशलखनऊ

गांवों में ही होगी IAS-PCS की तैयारी, योगी सरकार ने 32 जिलों की पंचायतों में शुरू की हाईटेक डिजिटल लाइब्रेरी

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के ग्रामीण युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी के लिए अब शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। योगी सरकार ने पहले चरण में प्रदेश के 32 जिलों की ग्राम पंचायतों में हाईटेक डिजिटल लाइब्रेरी शुरू कर दी हैं। इन लाइब्रेरियों में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC), उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए 20 हजार से अधिक डिजिटल अध्ययन सामग्री निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है।

ई-बुक्स, वीडियो लेक्चर और डिजिटल क्विज की सुविधा

डिजिटल लाइब्रेरी में विद्यार्थियों को ई-बुक्स, वीडियो लेक्चर, ऑडियो सामग्री और डिजिटल क्विज जैसी आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। सरकार का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को उनके गांव में ही प्रतियोगी परीक्षाओं की गुणवत्तापूर्ण तैयारी का अवसर देना है।

हर लाइब्रेरी पर लगभग 4 लाख रुपये खर्च

पंचायतीराज विभाग के अनुसार, पहले चरण में चयनित 11,350 ग्राम पंचायतों में प्रत्येक डिजिटल लाइब्रेरी के विकास पर लगभग चार लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसमें करीब दो लाख रुपये प्रतियोगी परीक्षाओं की पुस्तकों के लिए, 1.30 लाख रुपये कंप्यूटर, टैबलेट और इंटरनेट जैसी आईटी सुविधाओं के लिए तथा 70 हजार रुपये फर्नीचर की व्यवस्था पर खर्च किए जा रहे हैं।

10 हजार से अधिक पंचायतों में पहुंचीं किताबें

सरकार के मुताबिक, अब तक 10,406 ग्राम पंचायतों की लाइब्रेरियों में पुस्तकें उपलब्ध करा दी गई हैं। वहीं 9,372 ग्राम पंचायतों में फर्नीचर की व्यवस्था पूरी हो चुकी है। इन लाइब्रेरियों को चरणबद्ध तरीके से हाई-स्पीड इंटरनेट और अन्य डिजिटल सुविधाओं से भी जोड़ा जा रहा है।

ग्राम प्रधान और सचिव करेंगे संचालन

डिजिटल लाइब्रेरी के संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी ग्राम प्रधान और ग्राम सचिव को सौंपी गई है। वहीं ब्लॉक और जिला स्तर के अधिकारी नियमित निरीक्षण कर व्यवस्था की निगरानी करेंगे।

इन 32 जिलों में पूरा हुआ पहला चरण

सरकार के अनुसार, पहले चरण में 32 जिलों में पुस्तकों और फर्नीचर की 100 प्रतिशत आपूर्ति पूरी हो चुकी है। इनमें अयोध्या, प्रयागराज, गोरखपुर, सुल्तानपुर, अमेठी, आगरा, कानपुर देहात, गौतम बुद्ध नगर, बांदा, गाजियाबाद, शाहजहांपुर, देवरिया, हरदोई, शामली, एटा, सहारनपुर, फिरोजाबाद, कौशांबी, प्रतापगढ़, वाराणसी, ललितपुर, अमरोहा, कासगंज, इटावा, फर्रुखाबाद, बुलंदशहर, श्रावस्ती, रामपुर, लखीमपुर खीरी, जौनपुर, संभल और उन्नाव शामिल हैं।