उत्तर प्रदेश

कोर्ट के आदेश पर बड़ी कार्रवाई, राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह की शिकायत पर एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की सियासत से जुड़ा एक बड़ा मामला सामने आया है। लखनऊ के हजरतगंज कोतवाली में एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई कोर्ट के आदेश के बाद की गई है, जो रघुराज प्रताप सिंह की पत्नी भानवी सिंह की याचिका पर दिया गया था।

जानकारी के अनुसार विशेष एसीजेएम कोर्ट ने 7 मई को हजरतगंज पुलिस को इस मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच करने का आदेश दिया था। इसके बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है।

साझेदारी फर्म और करोड़ों के निवेश का आरोप

शिकायत में भानवी सिंह ने आरोप लगाया है कि वर्ष 2014 में 10 फरवरी को उन्होंने अक्षय प्रताप सिंह और अन्य लोगों के साथ मिलकर एक साझेदारी फर्म का पंजीकरण कराया था। इस फर्म में कथित तौर पर करोड़ों रुपये का निवेश किया गया था।

आरोप है कि बाद में अक्षय प्रताप सिंह और उनके सहयोगियों ने फर्म की संपत्तियों पर कब्जा करने के लिए दस्तावेजों में हेरफेर किया और धोखाधड़ी की गई।

कोर्ट ने दिए जांच के आदेश

विशेष एसीजेएम आलोक वर्मा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए हजरतगंज इंस्पेक्टर को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। कोर्ट के आदेश के आधार पर अब अक्षय प्रताप सिंह, रोहित कुमार सिंह, अनिल सिंह और रामदेव यादव समेत अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

पुलिस जांच में जुटी

हजरतगंज पुलिस के अनुसार पूरे मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुसार कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

यह मामला अब राजनीतिक और कानूनी दोनों स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है, क्योंकि इसमें प्रदेश के चर्चित राजनीतिक परिवार और एक एमएलसी का नाम जुड़ा हुआ है।