उत्तर प्रदेशलखनऊ

Lucknow-Kanpur Expressway: आज से आम जनता के लिए खुला एक्सप्रेसवे, 45 मिनट में पूरा होगा सफर

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के बहुप्रतीक्षित लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर मंगलवार से आम जनता का सफर शुरू हो गया। सोमवार को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया था। इसके साथ ही 4,850 करोड़ रुपये की तीन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया गया।

करीब 4,200 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने से लखनऊ और कानपुर के बीच यात्रा पहले की तुलना में काफी तेज और सुगम हो जाएगी। इस मार्ग पर सफर अब लगभग 45 मिनट में पूरा किया जा सकेगा। वहीं उन्नाव से लखनऊ के बीच यात्रा का समय घटकर करीब 22 मिनट रह जाएगा।

शहीद पथ पर बनेगा मल्टी-लेयर कॉरिडोर

उद्घाटन समारोह में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बताया कि लखनऊ के शहीद पथ पर 23 किलोमीटर लंबे विश्वस्तरीय मल्टी-लेयर कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना के तहत फ्लाईओवर, मेट्रो और मास रैपिड ट्रांजिट सिस्टम को एकीकृत किया जाएगा।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि शहीद पथ के ऊपर एलिवेटेड रोड बनाई जाएगी और इसी कॉरिडोर के ऊपरी स्तर पर मेट्रो का संचालन भी प्रस्तावित है। उन्होंने बताया कि इस प्रस्ताव को सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की मंजूरी मिल चुकी है।

यूपी में बनेंगे आठ ग्रीन एक्सप्रेसवे

नितिन गडकरी ने कहा कि अगले दो वर्षों में उत्तर प्रदेश में लगभग पांच लाख करोड़ रुपये की लागत वाली विभिन्न सड़क परियोजनाओं को पूरा करने का लक्ष्य है। इसके अलावा करीब 1.23 लाख करोड़ रुपये की लागत से प्रदेश में आठ ग्रीन एक्सप्रेसवे विकसित किए जाएंगे।

उन्होंने हरदोई-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण और अन्य सड़क परियोजनाओं का भी उल्लेख करते हुए कहा कि बेहतर सड़क नेटवर्क से व्यापार, उद्योग और रोजगार को नई गति मिलेगी।

हरदोई-लखनऊ फोरलेन से जाम होगा कम

541 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हरदोई-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग के फोरलेन होने से इस मार्ग पर जाम की समस्या में राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही लखनऊ के इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे पर करीब 109 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले फोरलेन फ्लाईओवर का भी शिलान्यास किया गया।

इस फ्लाईओवर के बनने से सीतापुर रोड, अयोध्या रोड, जानकीपुरम, अलीगंज, कुर्सी रोड, विकास नगर, टेढ़ी पुलिया और खुर्रम नगर समेत आसपास के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और लाखों लोगों को जाम से राहत मिलेगी।

औद्योगिक विकास और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में सड़क नेटवर्क के विस्तार के साथ आने वाले महीनों में लखनऊ के आसपास नए उद्योग स्थापित होंगे, जिससे निवेश बढ़ेगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश के हर जिले को बेहतर सड़क संपर्क से जोड़ना है।